बांदा में जर्जर बिजली खंभों से हादसे का खतरा, 24 घंटे बाद भी नहीं बदले 5 पोल –

बांदा:- नगर पालिका परिषद बांदा के वार्ड नंबर 20 स्थित सेढ़ू तलैया मोहल्ले में बिजली विभाग की लापरवाही से लोगों में दहशत का माहौल है। बीती रात एक जर्जर बिजली का खंभा अचानक टूटकर एक मकान के छज्जे पर गिर गया। हादसे के झटके से आसपास के 4-5 अन्य खंभे भी तिरछे हो गए।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बिजली की केबल सड़क से महज एक-दो मीटर की ऊंचाई पर झूल रही है, जबकि कई स्थानों पर केबल मकानों को छू रही है। आरोप है कि घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दिए जाने के बावजूद 24 घंटे बाद भी क्षतिग्रस्त खंभों को बदलने के लिए नए पोल नहीं लगाए गए।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका परिषद द्वारा स्ट्रीट लाइट के लिए लगाए गए खंभों पर बिजली विभाग ने भारी केबल खींच दीं, जिसके चलते कई खंभे क्षतिग्रस्त होकर गिर गए।
क्षेत्रीय उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिन के भीतर सभी क्षतिग्रस्त खंभों और बिजली व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया तो जिलाधिकारी कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी अधिशासी अभियंता नगरीय विद्युत वितरण एवं एसडीओ तुलसी नगर की होगी।



