सोनभद्रपूर्वांचल

विदेश में कंपनियां बनाकर देशभर में साइबर ठगी का जाल, सोनभद्र पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार –

नौकरी दिलाने के नाम पर खुलवाते थे बैंक खाते, एटीएम कार्ड और सिम लेकर ठगी की रकम का करते थे लेनदेन; सोनभद्र में ₹37 करोड़ के संदिग्ध ट्रांजेक्शन, देशभर में करीब 200 शिकायतें, ठगी का आंकड़ा ₹100 करोड़ पार होने की आशंका -

 

 

सोनभद्र:_  विदेश में कंपनियां स्थापित कर नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों के बैंक खाते खुलवाने और उनका इस्तेमाल देशभर में साइबर ठगी की रकम के लेनदेन में करने वाले अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का सोनभद्र पुलिस ने पर्दाफाश किया है। साइबर क्राइम पुलिस थाना और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में प्रयागराज निवासी सौरभ सिंह को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में सोनभद्र से जुड़े बैंक खातों के माध्यम से करीब 37 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन का पता चला है। वहीं, इस नेटवर्क से संबंधित देशभर में लगभग 200 साइबर शिकायतें सामने आई हैं। पुलिस को ठगी की कुल रकम 100 करोड़ रुपये से अधिक होने की आशंका है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल और क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम पुलिस थाना तथा स्वाट टीम ने जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ साइबर थाना सोनभद्र में मुकदमा संख्या 14/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 66डी में कार्रवाई की गई है।

शारजाह में कंपनियां स्थापित कर चलाते थे नेटवर्क –

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपने सहयोगियों के साथ मिलकर संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह में कंपनियां स्थापित कर विदेश में नौकरी दिलाने का प्रलोभन देता था। पुलिस ने जिन कंपनियों का नाम सामने आने की बात कही है, उनमें Lab Med Medicine Logistics Company, ASL Logistics Company और Kumar Singh LLC शामिल हैं। ये कंपनियां आरोपी के सहयोगी अनुपम सिंह की पत्नी प्रतीक्षा सिंह के नाम से स्थापित अथवा संचालित होने की जानकारी मिली है।

नौकरी के नाम पर लोगों के बैंक खाते खुलवाए जाते थे। इसके बाद उनके एटीएम कार्ड, पासबुक और सिम कार्ड लेकर इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त रकम के लेनदेन और हस्तांतरण में किया जाता था।

10 से 20 हजार में खाते खरीदकर आगे 2 लाख तक में बेचने का आरोप –

पुलिस पूछताछ के अनुसार, साइबर अपराध में इस्तेमाल होने वाले बैंक खाते विभिन्न लोगों से रकम देकर हासिल किए जाते थे। सेविंग खाते के लिए 10 से 20 हजार रुपये और कॉरपोरेट खाते के लिए 50 हजार से एक लाख रुपये तक दिए जाते थे। इन खातों को आगे साइबर अपराध में शामिल लोगों को करीब दो लाख रुपये तक में उपलब्ध कराया जाता था।

इन खातों में निवेश, ऑनलाइन गेमिंग, ऑनलाइन शॉपिंग और अन्य साइबर धोखाधड़ी से हासिल रकम जमा कराई जाती थी। इसके बाद रकम को कई बैंक खातों के माध्यम से आगे भेजा जाता था। पुलिस के अनुसार, धनराशि की नकद निकासी और क्रिप्टोकरेंसी में रूपांतरण के जरिए उसे साइबर अपराधियों तक पहुंचाया जाता था।

200 शिकायतें, 100 करोड़ से अधिक की ठगी की आशंका –

जांच में सोनभद्र से संबंधित विभिन्न बैंक खातों के जरिए करीब 37 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन का पता चला है। इसके अलावा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर इस नेटवर्क से संबंधित देशभर में करीब 200 शिकायतें दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस का अनुमान है कि इन शिकायतों और संबंधित लेनदेन का समग्र आकलन करने पर ठगी की कुल रकम 100 करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है। पुलिस विभिन्न बैंक खातों, संदिग्ध व्यक्तियों, धनराशि के स्रोत और अंतिम हस्तांतरण की जांच कर रही है।

पहले गिरफ्तार आरोपियों से भी जुड़े तार –

पुलिस के मुताबिक, इसी नेटवर्क के संबंध में पहले भी सोनभद्र में कार्रवाई की गई थी। रॉबर्ट्सगंज थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 602/2026 में रवि पाण्डेय और साइबर थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 22/2026 में बृजेश कुमार पाण्डेय को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में नौकरी दिलाने के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराने की जानकारी सामने आई थी। पुलिस के अनुसार, इन खातों को अनुपम सिंह और नायब खान के माध्यम से आगे पहुंचाया जाता था।

विवेचना में शिकायतकर्ता सुनील शर्मा, जय सिंह, चेतना त्रिपाठी और निखिल सोनी समेत अन्य पीड़ितों से संबंधित रकम के लेनदेन की जानकारी भी सामने आई है।

दुबई समेत कई देशों की यात्रा की जानकारी –

पूछताछ में आरोपी ने वर्ष 2021 से 2025 के बीच दुबई में रहने तथा नेपाल, थाईलैंड, कंबोडिया और मलेशिया की यात्रा करने की जानकारी दी है। पुलिस के अनुसार, वीजा में हेरफेर कर फर्जी वीजा उपलब्ध कराने और विभिन्न मार्गों से लोगों को यूरोपीय देशों में भेजने जैसी गतिविधियों के संबंध में भी पूछताछ में तथ्य सामने आए हैं। इन पहलुओं की अलग से जांच की जा रही है।

निवेश, गेमिंग और ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर भी ठगी –

पुलिस जांच में नेटवर्क के अपराध करने के कई तरीके सामने आए हैं। इनमें विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर बैंक खाते हासिल करना, शेयर ट्रेडिंग और अधिक मुनाफे का लालच देकर निवेश के नाम पर ठगी, ऑनलाइन गेमिंग में निवेश का प्रलोभन और ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर साइबर धोखाधड़ी शामिल हैं।

थार, 27 कार्ड, तीन मोबाइल और लैपटॉप बरामद –

गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पुलिस ने एक महिंद्रा थार, दो चेकबुक, 27 क्रेडिट और डेबिट कार्ड, तीन बैंक पासबुक, केनरा बैंक में खाता खुलवाने का एक फॉर्म, तीन मोबाइल फोन और एप्पल कंपनी का एक लैपटॉप बरामद किया है। इसके अलावा नेपाली और संयुक्त अरब अमीरात की मुद्रा के कुछ नोट भी मिले हैं।

कार्रवाई करने वाली टीम में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार चौधरी, स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा सहित साइबर थाना, साइबर सेल और स्वाट टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, बैंक खातों और ठगी की रकम के पूरे लेनदेन की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

You cannot copy content of this page