
✍️नवीन तिवारी –
लखनऊ:- उत्तर प्रदेश में नकली दवाओं के कारोबार के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (UPFSDA) ने बड़ी कार्रवाई की है। वाराणसी, मुरादाबाद और लखनऊ में निरीक्षण के दौरान नकली दवाएं मिलने के बाद इनके निर्माण के स्रोत का पता लगाने के लिए शुरू हुई जांच अब हिमाचल प्रदेश तक पहुंच गई है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के निर्देशन में UPFSDA की विशेष टीम और उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UPSTF) ने हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में एक अवैध दवा फैक्ट्री पर संयुक्त छापेमारी की।
यह फैक्ट्री राजपुरा, खेड़ा बाईपास, नालागढ़ में संचालित हो रही थी। जांच के दौरान यहां नामी कंपनियों के ब्रांड के नाम पर महंगी और अधिक बिक्री वाली दवाओं का अवैध निर्माण किए जाने का मामला सामने आया। इनमें एंटीबायोटिक, न्यूरो मेडिसिन और एसिडिटी से संबंधित दवाएं शामिल थीं। इस खुलासे ने नकली दवाओं के कारोबार के अंतरराज्यीय नेटवर्क की ओर इशारा किया है।

मशीनों से लेकर पैकेजिंग सामग्री तक बरामद –
संयुक्त कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री से दवाओं के अवैध निर्माण में इस्तेमाल होने वाली कई मशीनें और उपकरण बरामद किए गए। इनमें ब्लिस्टर पैकिंग मशीन, एल्युमिनियम-एल्युमिनियम पैकिंग मशीन, कैप्सूल भरने की मशीन, वजन मापने वाले उपकरण, प्रिंटेड फॉयल और स्टीरियो प्रिंटिंग उपकरण शामिल हैं। इन संसाधनों के जरिए नकली दवाओं को नामी कंपनियों के ब्रांड की पैकेजिंग में तैयार किया जा रहा था, जिससे वे असली दवाओं जैसी दिखाई दें।

वाराणसी में मिली थीं 17 प्रकार की नकली दवाएं –
इससे पहले वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र में पिछले सप्ताह हुई छापेमारी के दौरान 17 प्रकार की नकली दवाएं बरामद की गई थीं। इनमें PAN-D, प्रेसिज-300, न्यूरो-300, Pregabalin C-AZ, Cefixime-Azithromycin और A-Cipex-625 (Amoxycillin एवं Potassium Clavulanate) जैसी दवाएं शामिल थीं। इन दवाओं के निर्माण के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच आगे बढ़ाई गई, जिसके बाद हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ स्थित अवैध फैक्ट्री तक टीम पहुंची।
दूसरे राज्यों तक फैले नेटवर्क की जांच जारी –
वाराणसी में नकली दवाओं की बरामदगी से शुरू हुई जांच का हिमाचल प्रदेश तक पहुंचना इस अवैध कारोबार के व्यापक नेटवर्क की गंभीरता को उजागर करता है। अब जांच एजेंसियां फैक्ट्री से जुड़े लोगों और नकली दवाओं की आपूर्ति के नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इन दवाओं का निर्माण कहां-कहां किया जा रहा था और किन क्षेत्रों में इनकी आपूर्ति की गई।
UPFSDA के अनुसार, इस कार्रवाई का उद्देश्य नकली दवाओं के निर्माण और आपूर्ति पर प्रभावी रोक लगाना तथा आम लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



