उत्तर प्रदेश

गांधी चौक से बागी पांडे का चुनावी शंखनाद: सपा-भाजपा को घेरा, पत्रकारों और वकीलों के लिए मांगी विशेष सुविधाएं  — 

 

 

 

हाटा (कुशीनगर):-  कुशीनगर जिले के हाटा विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। स्थानीय नगर के गांधी चौक पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके अंशुमन उर्फ ‘बागी पांडे’ ने अपना चुनावी अभियान औपचारिक रूप से शुरू कर दिया है। इस दौरान उन्होंने न केवल हाटा, बल्कि कुशीनगर विधानसभा सीट से भी चुनाव लड़ने का ऐलान किया, जिससे क्षेत्र की राजनीति में हलचल मच गई है।

विकास के मुद्दों पर सपा-भाजपा को घेरा- 
अपनी घोषणा सभा को संबोधित करते हुए बागी पांडे ने पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी (सपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकारों पर विकास कार्यों में लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने क्षेत्र की कई गंभीर और वर्षों पुरानी समस्याओं को उजागर करते हुए तीखे सवाल खड़े किए।

उन्होंने पूछा कि कुशीनगर को रेल मार्ग से जोड़ने की योजना आखिर किस मुकाम पर है? साथ ही, उन्होंने अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के मुद्दे को भी उठाया, जहां किसानों से जमीन अधिग्रहित की गई, लेकिन एयरपोर्ट अभी तक पूरी तरह चालू नहीं हो सका है। इसके अलावा, जिले की चीनी मिलों के बंद पड़े होने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई और प्रशासन से स्पष्टीकरण मांगा।

पत्रकारों और वकीलों के हित में उठाए गए अहम मुद्दे – 
बागी पांडे के भाषण का सबसे चर्चित हिस्सा पत्रकारों और वकीलों के कल्याण से जुड़ा रहा। उन्होंने कहा कि समाज के इन दो महत्वपूर्ण स्तंभों की सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने निम्नलिखित मांगें रखीं:- 
1. सुरक्षा गारंटी:- पत्रकारों और वकीलों, तथा उनके परिवारों को पूर्ण सुरक्षा प्रदान की जाए।
2. मुफ्त इलाज:- दोनों वर्गों के लिए सरकारी अस्पतालों में मुफ्त और बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
3. जीएसटी राहत:- पत्रकारों के दैनिक उपयोग और खानपान की आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी (GST) से छूट दी जाए, ताकि उनकी आर्थिक बोझ कम हो सके।

बागी पांडे ने कहा कि यदि वे सत्ता में आए तो ये मुद्दे उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होंगे। उनके इस ऐलान के बाद क्षेत्र में राजनीतिक समीकरणों बदलने की संभावना जताई जा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

You cannot copy content of this page