
लखनऊ :- डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में बुधवार को विश्व सीओपीडी दिवस और विश्व एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) जागरूकता सप्ताह 2026 के अवसर पर संयुक्त सीएमई एवं सीएनई कार्यक्रम आयोजित किया गया। रेस्पिरेटरी मेडिसिन, फार्माकोलॉजी विभाग और कॉलेज ऑफ नर्सिंग की ओर से आईक्यूएसी के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य नर्सों में एंटीबायोटिक के विवेकपूर्ण उपयोग को बढ़ावा देना और सीओपीडी के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस की बढ़ती चुनौती, संक्रमण की रोकथाम, एंटीबायोटिक उपचार की रणनीतियों और सीओपीडी के बेहतर प्रबंधन पर चर्चा की। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के प्रो. (डॉ.) आर.के. दीक्षित ने प्रतिभागियों को एएमआर नियंत्रण की शपथ दिलाई और नर्स आधारित एंटीमाइक्रोबियल स्टेवार्डशिप पर व्याख्यान दिया।
संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) सी.एम. सिंह ने कहा कि एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस एक उभरती हुई गंभीर स्वास्थ्य चुनौती है। इस पर नियंत्रण के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय जरूरी है। उन्होंने ऐसे संयुक्त शैक्षणिक कार्यक्रमों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। इस अवसर पर संस्थान के डीन प्रो. (डॉ.) राजन भटनागर, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. (डॉ.) विक्रम सिंह और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरविंद सिंह ने भी विचार रखे।

वैज्ञानिक सत्रों में विशेषज्ञों ने दी जानकारी –
वैज्ञानिक सत्रों में फार्माकोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) अर्पिता सिंह ने एंटीबायोटिक उपचार की रणनीतियों पर व्याख्यान दिया। प्रो. निपिन कलाल ने उपकरणों से जुड़े संक्रमण और उनकी रोकथाम, प्रो. (डॉ.) अजय कुमार वर्मा ने सीओपीडी और अस्थमा के प्रबंधन में PCV-20 वैक्सीन की भूमिका तथा डॉ. नंदिनी दीक्षित ने सीओपीडी के अचानक बिगड़ने की स्थिति के प्रबंधन पर जानकारी दी।

सीओपीडी मरीजों को मुफ्त मिलेगी जागरूकता पुस्तक –
रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) अजय कुमार वर्मा ने बताया कि विश्व सीओपीडी दिवस हर साल नवंबर के तीसरे बुधवार को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य इस बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि सीओपीडी दुनिया में मृत्यु का तीसरा प्रमुख कारण है।
इस अवसर पर सीओपीडी पर सरल हिंदी में लिखी पुस्तक ‘सीओपीडी: सही जानकारी, सही देखभाल’ भी मरीजों को उपलब्ध कराई गई। इलाज के लिए आए सीओपीडी मरीजों को दवा और चिकित्सकीय परामर्श के साथ यह पुस्तक दी गई। प्रो. वर्मा ने बताया कि पूरे नवंबर माह में विभाग की आईपीडी में भर्ती होने वाले सीओपीडी मरीजों को यह पुस्तक मुफ्त दी जाएगी, ताकि मरीज और उनके परिजन बीमारी को बेहतर ढंग से समझ सकें और देखभाल कर सकें। प्रो. अजय कुमार वर्मा और डॉ. अनुज कुमार पाण्डेय द्वारा लिखी गई यह पुस्तक मरीजों, उनके परिजनों और आशा कार्यकर्ताओं के लिए उपयोगी है।
नर्सिंग विद्यार्थियों के बीच क्विज प्रतियोगिता –
कॉलेज ऑफ नर्सिंग के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) शिव कुमार मुद्गल के मार्गदर्शन में नर्सिंग विद्यार्थियों के लिए क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसका संचालन डॉ. रंजना वर्मा, सुश्री शालिनी राज कुमावत और सुश्री सौम्या पी. श्रीवास्तव ने किया। प्रतियोगिता में दो टीमों को क्रमशः प्रथम और द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के आयोजन अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) अजय कुमार वर्मा, प्रो. (डॉ.) शिव कुमार मुद्गल और प्रो. (डॉ.) अर्पिता सिंह रहे। आयोजन सचिव की जिम्मेदारी डॉ. हेमंत कुमार, प्रो. (डॉ.) निपिन कलाल और डॉ. पूजा शुक्ला ने निभाई। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के फैकल्टी सदस्य, रेजिडेंट डॉक्टर, विद्यार्थी और नर्सिंग स्टाफ सहित कुल 125 प्रतिभागी उपस्थित रहे।



