दिल्ली

क्रीमिया ब्रिज हमले का रूस ने लिया बदला, यूक्रेन पर 400 ड्रोन और 110 मिसाइलों से हमला –

रूसी हमलों में 8 नागरिकों की मौत, 2 दर्जन से अधिक घायल; कीव और ल्वीव में भारी तबाही, बिजली व्यवस्था चरमराई, पोलैंड ने हवाई क्षेत्र में संदिग्ध घुसपैठ की जांच शुरू की  - 

 

 

 

दिल्ली:-  क्रीमिया ब्रिज पर यूक्रेन के हमले के बाद रूस ने बड़ा जवाबी हमला किया है। शुक्रवार रात रूस ने यूक्रेन के कई शहरों को निशाना बनाते हुए 400 से अधिक ड्रोन और 110 से ज्यादा मिसाइलें दागीं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के मुताबिक, इस हमले में कम से कम 8 नागरिकों की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं।

रूस के इस हमले में राजधानी कीव में 6 लोगों की जान गई, जबकि पश्चिमी शहर ल्वीव के स्कनिलिव रेलवे स्टेशन पर 2 लोगों की मौत हुई। हमलों में रिहायशी इमारतों, अस्पतालों, गोदामों और रेलवे से जुड़े ठिकानों को नुकसान पहुंचा है। जेलेंस्की के अनुसार, दागी गई मिसाइलों में 27 बैलिस्टिक मिसाइलें भी शामिल थीं। कुछ मिसाइलों में क्लस्टर हथियार होने का भी दावा किया गया है।

पुतिन की चेतावनी के बाद बड़ा हमला  –

यह हमला रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की उस चेतावनी के कुछ घंटे बाद हुआ, जिसमें उन्होंने क्रीमिया ब्रिज पर यूक्रेन के हमले का बदला लेने की बात कही थी। रूस ने दावा किया है कि उसने यूक्रेनी सेना से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाया। इनमें फ्लेमिंगो मिसाइल निर्माण स्थल, रॉकेट ईंधन के पुर्जे बनाने वाले कारखाने और ड्रोन निर्माण केंद्र शामिल हैं।

बिजली व्यवस्था को भारी नुकसान –

रूसी हमलों का असर यूक्रेन की ऊर्जा व्यवस्था पर भी पड़ा है। बिजली घरों, सब-स्टेशनों और बिजली लाइनों को नुकसान पहुंचने के बाद देश के तीनों चालू परमाणु बिजली घरों को बिजली उत्पादन कम करना पड़ा। यूक्रेन के उप ऊर्जा मंत्री आर्टेम नेक्रासोव के मुताबिक, स्थिति को देखते हुए 11 क्षेत्रों में आपातकालीन बिजली कटौती लागू करनी पड़ी।

पोलैंड के हवाई क्षेत्र में घुसपैठ की जांच  –

रूस के हमलों के बाद पोलैंड की सेना ने अपने हवाई क्षेत्र में संदिग्ध घुसपैठ की जांच शुरू कर दी है। यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्रेई सिबिहा ने कहा कि रूस के हमले केवल यूक्रेन तक सीमित खतरा नहीं हैं, बल्कि इनसे पूरे यूरोप की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।

क्यों अहम है क्रीमिया ब्रिज?

क्रीमिया ब्रिज रूस की मुख्य भूमि को उसके कब्जे वाले क्रीमिया प्रायद्वीप से जोड़ता है। यह रूसी सेना के लिए सैनिकों, हथियारों और सैन्य साजो-सामान की आवाजाही का महत्वपूर्ण मार्ग है। यूक्रेन ने इसी सप्ताह इस पुल को निशाना बनाया था। यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, हमले में देश में विकसित ड्रोन और मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया।

यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब अमेरिका की मध्यस्थता में रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध समाप्त करने को लेकर बातचीत जारी है। हालांकि, शांति समझौते की शर्तों पर दोनों देशों के बीच अभी तक सहमति नहीं बन पाई है। ताजा हमलों ने युद्ध के और व्यापक होने की आशंका बढ़ा दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

You cannot copy content of this page