लखनऊपूर्वांचल

403 सीटें, 403 महिला विस्तारक! मिशन 2027 के लिए BJP ने खोला मोर्चा

लखनऊ में महिला मोर्चा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला, यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर प्रवास कर महिलाओं और मतदाताओं से सीधा संवाद करेंगी विस्तारक बहनें -

 

 

 

लखनऊ:- उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव में आधी आबादी यानी महिला मतदाताओं तक अपनी पहुंच मजबूत करने के लिए भाजपा महिला मोर्चा ने विशेष रणनीति तैयार की है। इसके तहत प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर 403 महिला विस्तारकों को प्रवास पर भेजा जाएगा। ये विस्तारक घर-घर जाकर महिलाओं, आमजन और मतदाताओं से संवाद करेंगी। साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की महिला कल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी भी जनता तक पहुंचाएंगी।

इसी रणनीति को जमीन पर उतारने के लिए शुक्रवार को लखनऊ स्थित विश्वेश्वरैया प्रेक्षागृह में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश स्तरीय प्रवासी कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली, बिहार, झारखंड, राजस्थान और महाराष्ट्र सहित आठ राज्यों से आईं 403 महिला विस्तारकों ने हिस्सा लिया।

कार्यशाला में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत संगठन के वरिष्ठ नेताओं ने चुनावी तैयारियों और जनसंपर्क अभियान का रोडमैप साझा किया।

403 विधानसभा सीटों पर महिला विस्तारकों का प्रवास  –

भाजपा की रणनीति महिला विस्तारकों के जरिए विधानसभा स्तर पर संगठन की पहुंच मजबूत करने की है। विस्तारक अपने निर्धारित क्षेत्रों में प्रवास कर महिलाओं और आम मतदाताओं से सीधा संवाद करेंगी। इसके जरिए महिला मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और सरकार की योजनाओं का प्रचार करने पर जोर रहेगा।

राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े ने कहा कि सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में महिला विस्तारकों को प्रवास के माध्यम से व्यापक जनसंपर्क अभियान को गति देनी है। उन्हें घर-घर पहुंचकर आमजन और मतदाताओं से संवाद करने के साथ केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देनी है।

महिला कार्यकर्ताओं को बताया पार्टी का स्टार प्रचारक –

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव केवल राजनीतिक तैयारी नहीं, बल्कि संगठन की सामूहिक शक्ति, जनविश्वास और जनसंपर्क का व्यापक अभियान है। इसमें महिला शक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने महिला कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि भाजपा में बहनें केवल महिला कार्यकर्ता नहीं, बल्कि पार्टी की स्टार प्रचारक हैं। उन्हें महिलाओं के बीच जाकर पार्टी की विचारधारा और केंद्र तथा प्रदेश सरकार की योजनाओं से जोड़ने का काम करना है।

सुरक्षा और सुशासन को लेकर जनता के बीच जाने की तैयारी  –

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश भयमुक्त हुआ है और मां, बहनें तथा बेटियां सुरक्षित हुई हैं। महिला विस्तारकों को सरकार के इसी संदेश के साथ जनता के बीच जाना है।

प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने कहा कि महिला विस्तारक अपने अनुभव और संगठनात्मक कौशल के साथ प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की विचारधारा और सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच पहुंचेंगी।

तीसरी बार सरकार बनाने का संकल्प  –

प्रदेश सह प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद मेधा कुलकर्णी ने कहा कि महिला मोर्चा की कार्यकर्ता प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में संगठन की मजबूत कड़ी बनकर काम करेंगी। प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के संकल्प के साथ मातृशक्ति मैदान में उतरेगी।

महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि मातृशक्ति पार्टी की नीतियों, नेतृत्व और विकास के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने कहा कि संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं का परिश्रम और मातृशक्ति का संकल्प आगामी चुनाव में पार्टी की जीत का आधार बनेगा।

सीएम योगी की मां को दी गई श्रद्धांजलि  –

कार्यशाला के तीसरे सत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी शामिल होना था, लेकिन उनकी माता सावित्री देवी के निधन के कारण वह अपने पैतृक गांव पंचूर के लिए रवाना हो गए। कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री की माता के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा मुख्यमंत्री और उनके परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

You cannot copy content of this page