दिल्ली

राहुल गांधी ने चुनाव आयोग को घेरा, बोले- अंदर से मिल रहे इनपुट, जल्द ढह सकता है पूरा ढांचा –

शिकागो यूनिवर्सिटी में बोले- आयोग के अंदर से मिल रही जानकारी, वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूदा व्यवस्था पर जता रहे चिंता; 2014 के चुनावों से ही गड़बड़ी की थी आशंका -

 

 

 

दिल्ली:-  लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अमेरिका दौरे के दौरान एक बार फिर भारतीय चुनाव व्यवस्था और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। शिकागो यूनिवर्सिटी में आयोजित बातचीत के दौरान उन्होंने दावा किया कि उन्हें चुनाव आयोग के अंदर से ही जानकारी मिल रही है और आयोग के वरिष्ठ अधिकारी भी अब मौजूदा तरीके से काम जारी रखने में असमर्थता जता रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि पूरा चुनावी ढांचा ढहने में अब ज्यादा समय नहीं लगेगा।

राहुल गांधी ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र उनके लिए बेहद पवित्र है। लोकतंत्र में किसी समस्या की बात कहना भी आसान नहीं है, जब तक उसके ठोस सबूत न हों। उन्होंने स्पष्ट किया कि विपक्ष चुनाव प्रक्रिया से अलग होने या चुनाव का बहिष्कार करने के पक्ष में नहीं है, क्योंकि ऐसा करने से लोकतांत्रिक व्यवस्था की वैधता पर ही सवाल खड़े हो सकते हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और पूरा विपक्ष चुनावी ढांचे को तोड़ना नहीं चाहता। इसके बजाय चुनावी प्रक्रिया में सामने आ रही कथित गड़बड़ियों को जनता के सामने लाने और उन पर लगातार चर्चा करने की रणनीति अपनाई गई है। राहुल के मुताबिक, विपक्ष इस मुद्दे पर काफी नुकसान भी उठा चुका है, लेकिन जानबूझकर ऐसा कोई कदम नहीं उठाया जा रहा जिससे चुनावी प्रक्रिया की वैधता प्रभावित हो।

बिना डर के अपनी बात कह सकें लोग  –

राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि यह व्यवस्था ज्यादा समय तक इसी तरह नहीं चल पाएगी। उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयोग के बड़े अधिकारी भी कह रहे हैं कि अब इस तरीके से काम जारी रखना संभव नहीं है। राहुल ने कहा कि यह लंबी लड़ाई है और उन्हें खुशी है कि विपक्ष इस लड़ाई में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि भारत ऐसा देश नहीं हो सकता जहां लोकतंत्र न हो। यह सिर्फ कांग्रेस की नहीं, बल्कि देश के ज्यादातर लोगों की इच्छा है। उन्होंने लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि लोगों को बिना किसी डर के अपनी बात रखने की आजादी फिर से सुनिश्चित करनी होगी।

2024 के चुनावों की वैधता पर भी उठाए सवाल  –

राहुल गांधी ने 2024 के आम चुनावों की निष्पक्षता और वैधता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने ब्राजील की एक महिला का उदाहरण देते हुए दावा किया कि वह कभी भारत नहीं आई, इसके बावजूद एक राज्य के विधानसभा चुनाव में उसके नाम से 23 बार मतदान किया गया।

उन्होंने सवाल उठाया कि यदि चुनाव में ऐसे मतदाता मौजूद थे, जिनका वास्तव में अस्तित्व नहीं था या जिन्हें वोट डालने का अधिकार नहीं था, तो ऐसे चुनाव की वैधता कैसे सुनिश्चित की जा सकती है?

2014 के चुनावों से ही थी गड़बड़ी की आशंका  –

कांग्रेस नेता ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया को लेकर उनकी पार्टी की चिंताएं नई नहीं हैं। उन्हें 2014 के लोकसभा चुनावों के दौरान भी कुछ गड़बड़ियों की आशंका हुई थी। राहुल के मुताबिक, उस चुनाव में सामने आए कुछ राजनीतिक और चुनावी अंतर ऐसे थे, जिन्हें समझाना उनके लिए मुश्किल था।

उन्होंने कहा कि विपक्ष का उद्देश्य चुनावी व्यवस्था को खत्म करना नहीं, बल्कि उसकी विश्वसनीयता और पारदर्शिता से जुड़े सवालों को देश के सामने रखना है। राहुल गांधी के इस बयान के बाद एक बार फिर चुनाव आयोग की भूमिका, चुनावी पारदर्शिता और लोकतांत्रिक संस्थाओं की जवाबदेही को लेकर राजनीतिक बहस तेज होने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

You cannot copy content of this page