ईरान के ‘डर्टी बम’ हमले की आशंका से अमेरिका में अलर्ट, ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों की सुरक्षा बढ़ी –
वॉशिंगटन में वरिष्ठ अधिकारियों को निशाना बनाने की कथित योजना का खुलासा, खुफिया रिपोर्ट के बाद अमेरिकी एजेंसियों ने शुरू की तैयारी; हमले की मंशा और क्षमता पर अभी भी संशय -

दिल्ली:- अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच एक नई खुफिया रिपोर्ट ने वॉशिंगटन में हलचल बढ़ा दी है। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को ऐसे संकेत मिले हैं कि ईरान ट्रंप प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को निशाना बनाने के लिए अमेरिकी राजधानी में हमले की संभावनाओं पर विचार कर रहा है। CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, कथित योजना में डर्टी बम या रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल की आशंका जताई गई है। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों के बीच इस बात को लेकर मतभेद हैं कि ईरान के पास ऐसा हमला करने की वास्तविक क्षमता है या उसकी ऐसी कोई ठोस मंशा है।
खुफिया सूत्रों के अनुसार, ईरान की कथित योजना फिलहाल संभावित विकल्प खुले रखने की कोशिश भी हो सकती है। इसका मतलब यह नहीं है कि हमला जल्द होने वाला है। रिपोर्ट में संभावित ठिकानों और निशानों का जिक्र होने की बात कही गई है। इसी जानकारी के बाद अमेरिकी अधिकारियों ने संभावित खतरे से निपटने की तैयारियों को लेकर कई बैठकें की हैं। खुफिया एजेंसियों को ईरान के कुछ ऐसे संदेश भी मिले हैं, जिनसे देश के भीतर बम बनाने की सामग्री जमा किए जाने की आशंका जताई गई है।
व्हाइट हाउस की प्रवक्ता लॉरेन बिस ने कहा कि प्रशासन संभावित खतरों पर लगातार नजर रख रहा है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल अमेरिका के सामने कोई ठोस खतरा नहीं है। इसके बावजूद अमेरिकी अधिकारियों को आशंका है कि सैन्य हमलों और आर्थिक नाकेबंदी के दबाव में ईरान संघर्ष का दायरा बढ़ाने की कोशिश कर सकता है।
वरिष्ठ अधिकारियों की सुरक्षा बढ़ाई गई –
रिपोर्ट के मुताबिक, संभावित खतरे को लेकर अमेरिकी अधिकारियों ने पिछले सप्ताह कई बैठकें कीं। इनमें हमले की आशंका से निपटने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर चर्चा हुई। ईरान की धमकियों को देखते हुए अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट को सैन्य आवास में स्थानांतरित कर दिया है।
अमेरिका पहले भी ईरान पर मौजूदा और पूर्व अमेरिकी अधिकारियों के खिलाफ हमले की साजिश रचने का आरोप लगा चुका है। वर्ष 2024 में अमेरिकी अधिकारियों ने तत्कालीन राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ ईरान से जुड़ी कथित हत्या की साजिश का खुलासा किया था।
क्या होता है डर्टी बम?
डर्टी बम को रेडियोधर्मी पदार्थ और पारंपरिक विस्फोटक के संयोजन से तैयार किया जाता है। यह परमाणु बम से बिल्कुल अलग होता है। परमाणु बम में न्यूक्लियर फिशन प्रक्रिया के जरिए भारी मात्रा में ऊर्जा निकलती है, जबकि डर्टी बम का उद्देश्य विस्फोट के साथ रेडियोधर्मी पदार्थ फैलाना होता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, डर्टी बम से होने वाली अधिकांश तात्कालिक मौतें रेडिएशन के बजाय विस्फोट के कारण हो सकती हैं। हालांकि, रेडियोधर्मी पदार्थ फैलने से प्रभावित इलाके में प्रदूषण, लोगों में दहशत और लंबे समय तक सफाई एवं सुरक्षा संबंधी चुनौतियां पैदा हो सकती हैं। इस तरह के हथियार के निर्माण में सबसे बड़ी चुनौती रेडियोधर्मी पदार्थ हासिल करना है।
फिलहाल अमेरिकी खुफिया एजेंसियां संभावित खतरे का आकलन कर रही हैं। ईरान की ओर से किसी हमले का अंतिम फैसला किए जाने या उसके पास ऐसी कार्रवाई की पुख्ता क्षमता होने की पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों की चिंता के बीच इस पूरे घटनाक्रम पर दुनिया की नजर बनी हुई है।



