
नवीन तिवारी –

वाराणसी:- पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मंगलवार को यातायात पुलिस लाइन स्थित सभागार में पुलिस पेंशनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के साथ गोष्ठी की। इस दौरान उन्होंने 80 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। वहीं, 100 वर्ष की आयु पूरी कर चुके वरिष्ठ पेंशनर राम नारायण के पास स्वयं पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया।
पुलिस आयुक्त ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को पुलिस विभाग की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि उनके अनुभव, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा से ही विभाग आज इस मुकाम तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ पुलिसकर्मियों ने अपने सेवाकाल में डकैती, अपहरण और नक्सलवाद जैसी गंभीर चुनौतियों का साहस के साथ सामना किया। आज पुलिसिंग का स्वरूप बदल गया है और लगभग 90 प्रतिशत पुलिसिंग टेक्नोलॉजी आधारित हो चुकी है, लेकिन अनुभवी पुलिसकर्मियों के योगदान का महत्व हमेशा बना रहेगा।

गोष्ठी में पेंशनर्स ने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। पुलिस आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेडिकल प्रतिपूर्ति बिलों और अन्य कल्याणकारी प्रकरणों से जुड़ी कोई भी फाइल पुलिस स्तर पर दो सप्ताह से अधिक लंबित नहीं रहनी चाहिए। पेंशनर्स को ऑनलाइन मेडिकल बिल और अन्य प्रपत्र भरने में सुविधा देने के लिए पेंशनर्स कार्यालय में एक कंप्यूटर और ऑपरेटर नियुक्त करने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही डाक के आदान-प्रदान एवं कार्यालयीय कार्यों के लिए एक होमगार्ड की तैनाती करने को कहा।
पुलिस पेंशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त डिप्टी एसपी सूर्यबली सिंह ने समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाने और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश देने पर पुलिस आयुक्त का आभार जताया। पुलिस आयुक्त ने कहा कि सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी पुलिस परिवार का अभिन्न अंग हैं और उनके कल्याण एवं सुविधाओं के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय विनीत भटनागर, अपर पुलिस उपायुक्त मुख्यालय जंगबहादुर यादव सहित अन्य अधिकारी और पेंशनर्स मौजूद रहे।



