
लखनऊ:- लखनऊ विश्वविद्यालय ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक और उपलब्धि हासिल की है। प्रतिष्ठित क्यूएस सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग 2027 में विश्वविद्यालय ने वैश्विक स्तर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। दुनिया के 2,004 उच्च शिक्षण संस्थानों के मूल्यांकन में लखनऊ विश्वविद्यालय को 1501+ वैश्विक रैंक बैंड मिला है। विश्वविद्यालय ने 100 में से 43.9 का समग्र सस्टेनेबिलिटी स्कोर हासिल किया है। वहीं, राष्ट्रीय स्तर पर मूल्यांकित 100 भारतीय संस्थानों में विश्वविद्यालय को 74वां स्थान मिला है।
रैंकिंग की विभिन्न श्रेणियों में भी विश्वविद्यालय ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। ‘इम्पैक्ट ऑफ एजुकेशन’ श्रेणी में लखनऊ विश्वविद्यालय ने देशभर में सातवां स्थान हासिल किया है। वहीं, ‘पर्यावरण शिक्षा’ के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर 609वीं रैंक प्राप्त की है। पर्यावरणीय प्रभाव श्रेणी में विश्वविद्यालय को 1083वीं वैश्विक रैंक मिली है, जबकि सामाजिक प्रभाव और सुशासन की श्रेणियों में 1251+ रैंक बैंड में स्थान मिला है।
इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के मार्गदर्शन और शिक्षकों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों तथा कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के प्रभाव में देश में सातवां और पर्यावरण शिक्षा में वैश्विक स्तर पर 609वां स्थान मिलना विश्वविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व और पारदर्शी सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों (UN SDGs) के अनुरूप जिम्मेदार अनुसंधान और हरित परिसर के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। क्यूएस सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग में संस्थानों का मूल्यांकन पर्यावरणीय प्रभाव, सामाजिक प्रभाव और सुशासन जैसे मानकों के आधार पर किया जाता है। इस उपलब्धि को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और संस्थागत नीतियों में सतत विकास के सिद्धांतों के बढ़ते समावेश के रूप में देखा जा रहा है।



