
लखनऊ:- उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (UPMRC) के नाम पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं से ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। कुछ असामाजिक तत्व फर्जी भर्ती वेबसाइट, ई-मेल और विज्ञापनों के जरिए अभ्यर्थियों को नौकरी का लालच देकर उनसे धनराशि की मांग कर रहे हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए यूपी मेट्रो ने अभ्यर्थियों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
UPMRC के मुताबिक,जालसाज लखनऊ, कानपुर और आगरा मेट्रो परियोजनाओं के नाम का इस्तेमाल कर युवाओं को अपने जाल में फंसा रहे हैं। ऐसे लोग नौकरी दिलाने की गारंटी देकर पैसे मांगते हैं। मेट्रो प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उसकी भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और योग्यता आधारित है। किसी भी अभ्यर्थी का चयन धनराशि, व्यक्तिगत सिफारिश या अनधिकृत माध्यम से नहीं किया जाता।
मेट्रो प्रशासन ने बताया कि भर्ती से संबंधित सभी आधिकारिक अधिसूचनाएं, परीक्षा कार्यक्रम और परिणाम केवल UPMRC की आधिकारिक वेबसाइट www.lmrcl.com और www.upmetrorail.com पर जारी किए जाते हैं। इसके अलावा आवश्यकता पड़ने पर प्रतिष्ठित समाचार पत्रों के माध्यम से भी भर्ती संबंधी सूचनाएं प्रकाशित की जाती हैं।
CBT और निर्धारित प्रक्रिया से होता है चयन –
UPMRC के अनुसार, विभिन्न पदों के लिए चयन प्रक्रिया भर्ती विज्ञापन में निर्धारित मानकों के आधार पर होती है। पद की प्रकृति और स्तर के अनुसार कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT),साक्षात्कार अथवा अन्य निर्धारित चरण शामिल हो सकते हैं।अंतिम चयन अभ्यर्थियों की योग्यता और निर्धारित प्रक्रिया के आधार पर किया जाता है।
मेट्रो प्रशासन ने युवाओं को सलाह दी है कि नौकरी दिलाने का दावा करने वाले किसी व्यक्ति, एजेंसी या कथित भर्ती प्रतिनिधि को पैसे न दें। अनधिकृत स्रोतों से मिले नौकरी के प्रस्तावों पर भरोसा करने और अपनी व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी साझा करने से भी बचें। फर्जी वेबसाइट, ई-मेल, विज्ञापनों और सोशल मीडिया संदेशों के जरिए ठगी की आशंका को देखते हुए अभ्यर्थियों से केवल आधिकारिक माध्यमों से ही जानकारी प्राप्त करने की अपील की गई है।
मेट्रो प्रशासन ने साफ किया है कि नौकरी के लिए किसी तरह के भुगतान या व्यक्तिगत सिफारिश की जरूरत नहीं है। अभ्यर्थी भर्ती संबंधी जानकारी के लिए केवल www.lmrcl.com और www.upmetrorail.com पर ही भरोसा करें।



