लखनऊपूर्वांचल

नमन तिवारी और आदि आदेश के अर्धशतकों से लखनऊ विश्वविद्यालय की धमाकेदार जीत – 

आदेश यूनिवर्सिटी को 205 रन से हराकर नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट टूर्नामेंट में किया विजयी आगाज, 97 विश्वविद्यालयों की टीमें ले रही हैं हिस्सा -

 

 

लखनऊ:-  नमन तिवारी (85 रन) और आदि आदेश शुक्ला (50 रन) की विस्फोटक बल्लेबाजी के बाद क्षितिज त्रिपाठी की घातक गेंदबाजी (चार विकेट) की बदौलत मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट 2026-27 में शानदार जीत के साथ आगाज किया। एलयू के परांजपे ग्राउंड पर खेले गए उद्घाटन मुकाबले में लखनऊ विश्वविद्यालय ने आदेश यूनिवर्सिटी को 205 रन के बड़े अंतर से शिकस्त दी।

मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ विश्वविद्यालय ने निर्धारित ओवरों में चार विकेट पर 268 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। नमन तिवारी ने महज 33 गेंदों पर आठ चौकों और छह छक्कों की मदद से 85 रन की तूफानी पारी खेली। वहीं सलामी बल्लेबाज आदि आदेश शुक्ला ने 24 गेंदों पर छह चौके और दो छक्के जड़ते हुए 50 रन बनाए। आदि आदेश और मोहम्मद अल्तमश पाशा (40 रन) ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई। इसके बाद नमन तिवारी ने आदित्य (नाबाद 31 रन) के साथ चौथे विकेट के लिए 120 रन की अहम साझेदारी की।

269 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आदेश यूनिवर्सिटी की टीम लखनऊ के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 14.1 ओवर में महज 63 रन पर ढेर हो गई। मुसन्नाह मुश्ताक ने सर्वाधिक 35 रन बनाए। लखनऊ विश्वविद्यालय की ओर से क्षितिज त्रिपाठी ने चार विकेट हासिल किए, जबकि शिवम सिंह और शौर्य सिंह ने दो-दो विकेट झटके।

                 

कुलपति ने किया टूर्नामेंट का उद्घाटन –

टूर्नामेंट का उद्घाटन लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अरविंद मोहन ने किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और उसे निखारने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती हैं। देश के विश्वविद्यालयों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित मंच और बेहतर प्रतिस्पर्धा के अवसर उपलब्ध कराने की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन प्रतियोगिताओं से देश को भविष्य के बेहतरीन क्रिकेटर मिलेंगे।

इस अवसर पर डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. अमिता कनौजिया, प्रॉक्टर प्रो. राकेश द्विवेदी, प्रो. ओपी शुक्ला, प्रो. शशि कनौजिया, चीफ प्रोवोस्ट आशीष त्रिवेदी, प्रो. महेंद्र अग्निहोत्री, क्रिकेट क्लब अध्यक्ष मोहम्मद एसए अल्वी, पूर्व रणजी क्रिकेटर उबैद कमाल और धनराज सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

 

अन्य मुकाबलों में इन विश्वविद्यालयों ने दर्ज की जीत  –

दिन के अन्य मुकाबलों में डॉ. बीआर आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा ने गुरु गोविंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय को आठ विकेट से हराया। दीनबंधु छोटूराम विश्वविद्यालय ने बीबीएयू को 67 रन से और महर्षि विश्वविद्यालय ने संत बाबा भाग सिंह विश्वविद्यालय को चार विकेट से शिकस्त दी। राजा महेंद्र प्रताप विश्वविद्यालय ने इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय को 65 रन से, जबकि सीएसजेएम कानपुर विश्वविद्यालय ने गुरु काशी विश्वविद्यालय को 115 रन से हराया। मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय को आठ विकेट से और गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय ने सुखदेव आनंद विश्वविद्यालय को 197 रन से पराजित किया। गुरुग्राम विश्वविद्यालय ने भी अपने मुकाबले में जीत दर्ज की।

 

97 विश्वविद्यालयों की टीमें ले रहीं हिस्सा –

प्रतियोगिता में कुल 97 विश्वविद्यालयों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। मुकाबले लखनऊ विश्वविद्यालय मैदान, एलडीए अलीगंज स्टेडियम, केए क्रिकेट अकादमी जानकीपुरम, सहारा स्टेडियम गोमतीनगर, एनईआर स्टेडियम और आरआर क्रिकेट स्टेडियम सहित छह मैदानों पर आयोजित किए जा रहे हैं। टीमों को चार पूल में बांटा गया है। प्रत्येक पूल की शीर्ष टीम क्वार्टर फाइनल में जगह बनाएगी। टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल तक मुकाबले 20-20 ओवर के होंगे, जबकि सेमीफाइनल 30-30 ओवर और फाइनल 40 ओवर का खेला जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

You cannot copy content of this page