यूक्रेन-रूस युद्ध: रातभर में 1200 ड्रोन से हुआ अब तक का सबसे बड़ा हमला, शांति वार्ता के बीच तनाव बढ़ा –

नई दिल्ली/कीव: यूक्रेन और रूस के बीच चल रहे संघर्ष ने पांच वर्ष पूरे होने के करीब पहुंचकर एक नया और खतरनाक मोड़ ले लिया है। शांति वार्ता की आशाओं के बीच, यूक्रेन ने रूस के ठिकानों पर रात भर में करीब 1,200 ड्रोन दागे हैं, जिसे इतिहास के सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक माना जा रहा है।
वार्ता के बीच घातक हमला –
यह भारी हवाई हमला उस समय हुआ जब अमेरिका की मध्यस्थता में दोनों देशों के बीच युद्ध विराम को लेकर गहन बातचीत चल रही थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर ने अबू धाबी में हुई वार्ता के बाद सीधे रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की को स्थिति से अवगत कराया है।
जेरेड कुशनर ने बताया कि रूस ने अगली दौर की बातचीत में ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली, पोलैंड और यूरोपीय संघ के राजनयिकों को शामिल करने पर सहमति जताई है। लेकिन जमीनी स्तर पर हिंसा में यह तेजी यूरोपीय नेताओं के लिए चिंता का विषय बन गई है।
रूस का दावा और क्षति-
रूसी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उनकी एयर डिफेंस सिस्टम ने रात भर में 1,198 यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया। हालांकि, कुछ ड्रोन अपने लक्ष्य तक पहुंचने में सफल रहे।
तीन अलग-अलग इलाकों में हुए हमलों में 7 लोगों की मौत हो गई, जिसमें एक 12 साल का बच्चा भी शामिल है।
17 लोग घायल हुए हैं।
वोल्गोग्राद शहर की एक प्रमुख तेल रिफाइनरी में आग लग गई,जिससे ईंधन आपूर्ति पर असर पड़ने की आशंका है।
रूस की जवाबी कार्रवाई –
यूक्रेन के हमले के जवाब में रूस ने भी रात भर में यूक्रेन पर 117 ड्रोन दागे।
जापोरिजिया शहर में दो रिहायशी इमारतों को निशाना बनाया गया, जिसमें *6 बच्चों समेत 30 लोग घायल हुए और कम से कम 2 लोगों की मौत हुई।
रूसी हमलों में बिजली घरों को नुकसान पहुंचने के कारण यूक्रेन के लगभग आधे हिस्से में बिजली गुल हो गई है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
NATO और यूरोपीय सुरक्षा पर सवाल –
इस संघर्ष के बीच अमेरिका और रूस के वार्ताकारों ने चर्चा के दायरे को बढ़ाते हुए शीत युद्ध के बाद से लागू यूरोपीय सुरक्षा व्यवस्थाओं को भी टेबल पर रख दिया है। मॉस्को लंबे समय से इन बदलावों की मांग कर रहा था। इस विकास से यूरोपीय नेता चिंतित हैं और NATO की भविष्य की भूमिका को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि ये वार्ता सफल नहीं होती हैं, तो यह युद्ध और अधिक व्यापक एवं विनाशकारी रूप ले सकता है।



