
लखनऊ :- विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (RMLIMS) के सामुदायिक चिकित्सा विभाग की ओर से शहरी स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र (UHTC), उजरियांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष की थीम ‘मधुमेह पर शीघ्र कार्रवाई’ (Early Action on Diabetes) रही। कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के निदेशक प्रो. डॉ. सी.एम. सिंह के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. एस.डी. कांडपाल ने संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, शारीरिक गतिविधियों और मोटे अनाज के सेवन को मधुमेह की रोकथाम एवं बेहतर प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण बताया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरविंद ने तनाव प्रबंधन और सक्रिय जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।

संस्थान के निदेशक प्रो. डॉ. सी.एम. सिंह ने मधुमेह के आनुवंशिक और जीवनशैली से जुड़े जोखिमों पर चर्चा करते हुए अत्यधिक मोबाइल उपयोग और लंबे समय तक निष्क्रिय रहने से बचने की सलाह दी। वहीं, PMR विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. वीरेंद्र सिंह गोगिया ने मधुमेह के मरीजों में पैरों से जुड़ी जटिलताओं की पहचान और उपचार में फिजिकल मेडिसिन एवं रिहैबिलिटेशन की भूमिका बताई। उन्होंने RHTC और UHTC में प्रत्येक माह PMR क्लिनिक शुरू करने की घोषणा की। यहां मरीजों की डायबिटिक फुट स्क्रीनिंग, मूल्यांकन और परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।

मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डॉ. निखिल गुप्ता ने बताया कि मधुमेह का असर केवल रक्त शर्करा तक सीमित नहीं रहता, बल्कि हृदय, गुर्दे, आंखों और नसों को भी प्रभावित कर सकता है। इसलिए नियमित जांच और समय पर उपचार जरूरी है। PMR विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अमित रंजन ने व्यायाम एवं नियमित शारीरिक गतिविधियों के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में सीनियर रेजिडेंट डॉ. अनुराग वर्मा और जूनियर रेजिडेंट डॉ. विकास वर्मा ने डायबिटिक फुट केयर का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। उन्होंने मरीजों को पैरों की नियमित जांच, साफ-सफाई, उचित जूते पहनने और किसी भी घाव, छाले या संक्रमण के लक्षण को नजरअंदाज न करने की सलाह दी।
कार्यक्रम के अंत में आयोजन सचिव डॉ. सुमीत दीक्षित ने आभार व्यक्त किया। आयोजन में संस्थान के संकाय सदस्य, रेजिडेंट डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मी और स्थानीय समुदाय के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन IQAC के सहयोग से किया गया।



