
लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में देश के प्रथम प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न पंडित जवाहरलाल नेहरू की 137वीं जयंती बाल दिवस के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’, सह-प्रभारी अभिषेक दत्त, कुणाल चौधरी, जगदीश चंद्र जांगिड़, संजीव आर्य, वरुण चौधरी, अब्दुल हन्नान, सीएलपी नेता वीरेंद्र चौधरी और सांसद तनुज पुनिया ने नेहरू जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में बच्चों के लिए रचनात्मक मेले का आयोजन किया गया। इसमें चित्रकला, रंगोली और पोस्टर मेकिंग सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं, जिनमें बड़ी संख्या में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों के लिए शिक्षा एवं मनोरंजन से जुड़े स्टॉल भी लगाए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि पंडित नेहरू ने आधुनिक, वैज्ञानिक और समावेशी भारत की नींव रखी। बच्चों के प्रति उनका स्नेह इस बात का प्रतीक था कि राष्ट्र का भविष्य बच्चों की शिक्षा और संस्कारों पर निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि आजाद भारत को विभिन्न क्षेत्रों में मजबूत बनाने में नेहरू का ऐतिहासिक योगदान रहा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी बच्चों की बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नेहरू आधुनिक भारत के शिल्पकार और दूरदर्शी नेता थे। देश को आर्थिक, सामाजिक, राजनीतिक और सामरिक रूप से मजबूत बनाने में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
कार्यक्रम के समापन पर प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले बच्चों को उपहार एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।



