
रिपोर्ट: अरविन्द मिश्र, मिर्जापुर
मिर्जापुर:- जमालपुर विकासखंड के बहुआर ग्रामसभा के जाने-माने तंत्राचार्य ‘स्व. बटुक नाथ मिश्र के आवास पर वर्षों से चली आ रही जन्माष्टमी महोत्सव की परंपरा का भव्य समापन हुआ। समापन अवसर पर रामायण गान, भव्य भंडारे के साथ रात्रि में ग्रामीण साहित्य जागरण मंच के तत्वावधान में कवि संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
कवि संगोष्ठी की अध्यक्षता बंधू पाल ‘बंधू’ ने की, जबकि मंच संचालन मिथिलेश गहमरी ने किया। कार्यक्रम में मनोज द्विवेदी ‘मधुर’, रामबाबू सिकरवार, सबरस मुरसानी, पंकज प्रखर, जनाब शारिक मकदूम फूलपुरी, नागेश शांडिल्य, विभा सिंह, नरसिंह साहसी, दिलीप सिंह ‘दीपक’ और छोटे बाबा ‘लहरी’ सहित कई कवियों ने अपनी रचनाओं का पाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और साहित्य प्रेमी मौजूद रहे। इस दौरान भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने “गोविन्द जय जय, गोपाल जय जय, राधारमण हरि, गोविन्द जय जय” के जयघोष से पूरे वातावरण को कृष्णमय कर दिया।
कार्यक्रम के समापन पर ग्रामीण साहित्य जागरण मंच के अध्यक्ष डॉ. पूर्णेन्दु मिश्रा, उपाध्यक्ष रविशंकर त्रिपाठी और महामंत्री सुरेन्द्र सिंह ने सभी कवियों का अभिवादन एवं सम्मान करते हुए कवि संगोष्ठी का समापन किया।



