
लखनऊ:- गणेश चतुर्थी के अवसर पर उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (UPMRC) की ओर से हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर फोटोग्राफर पुनीत कात्यायन की सोलो फोटोग्राफी प्रदर्शनी ‘द नेचुरल फॉर्म्स ऑफ गणेश’ का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन UPMRC के मैनेजिंग डायरेक्टर सुशील कुमार ने किया। प्रदर्शनी के क्यूरेटर भूपेंद्र अस्थाना हैं।
प्रदर्शनी में भगवान गणेश के प्राकृतिक रूपों को दर्शाती 20 तस्वीरें प्रदर्शित की गई हैं। इन तस्वीरों में पेड़ों की छाल, तनों, पत्थरों और अन्य प्राकृतिक सतहों पर उभरने वाले टेक्सचर व पैटर्न में गणेश के स्वरूप को कैमरे में कैद किया गया है।
फोटोग्राफर पुनीत कात्यायन ने बताया कि, इन आकृतियों को बेहद छोटे प्राकृतिक फ्रेम, करीब 2 से 3 इंच के दायरे में पहचानकर कैमरे में कैद किया गया और बाद में उन्हें बड़े रूप में प्रदर्शित किया गया। तस्वीरों में किसी भी प्रकार की कृत्रिम संरचना या बनावटी तत्व का इस्तेमाल नहीं किया गया है। इनमें दिखाई देने वाले टेक्सचर, रंग और पैटर्न पूरी तरह प्राकृतिक हैं।

पुनीत कात्यायन पिछले 15 वर्षों से प्रकृति, आध्यात्मिकता और विजुअल स्टोरीटेलिंग के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। उनकी ‘ट्री बार्क सीरीज’ पेड़ों की छाल में छिपे प्राकृतिक रूपों और पैटर्न को सामने लाती है, जबकि ‘गजानन’ सीरीज प्रकृति में दिखाई देने वाले इन रूपों को आध्यात्मिक दृष्टिकोण से प्रस्तुत करती है।

इस अवसर पर UPMRC के मैनेजिंग डायरेक्टर सुशील कुमार ने कहा, कि मेट्रो केवल परिवहन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह कला और संस्कृति से जुड़ने के लिए भी एक सुरक्षित एवं स्वागतपूर्ण स्थान है। UPMRC कलाकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराने का प्रयास करता रहा है।
क्यूरेटर भूपेंद्र अस्थाना ने कहा कि, प्रदर्शनी यह संदेश देती है कि यदि प्रकृति को बारीकी और धैर्य से देखा जाए तो रोजमर्रा की सामान्य चीजों में भी कलात्मक और आध्यात्मिक रूप नजर आ सकते हैं। इससे प्रकृति के टेक्सचर और उसकी सुंदरता को समझने की दृष्टि भी विकसित होती है।
प्रदर्शनी के उद्घाटन अवसर पर कलाकारों, फोटोग्राफरों, विद्यार्थियों, कला प्रेमियों और आम लोगों ने हिस्सा लिया।
‘द नेचुरल फॉर्म्स ऑफ गणेश’ प्रदर्शनी 17 सितंबर 2026 तक हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर आम जनता के लिए खुली रहेगी।



