पूर्वांचलबांदा
Trending

जर्जर बिजली के खंभे नहीं बदले जाने पर जिलाधिकारी को ज्ञापन —

सेढ़ू तलैया के उपभोक्ताओं ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया, हादसे की आशंका जताई --

 

 

बांदा:-  नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर 20 सेढ़ू तलैया में जर्जर बिजली के खंभों और जमीन तक लटक रही केबलों को लेकर स्थानीय उपभोक्ताओं ने विद्युत विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई है। उपभोक्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर क्षेत्र में जर्जर खंभों को बदलने और लटकती विद्युत केबलों को तत्काल ऊंचा कराने की मांग की है।

उपभोक्ताओं के मुताबिक छोटी काली देवी मंदिर, वोडाफोन टावर के पास 8 सितंबर 2026 को बिजली का जर्जर खंभा गिर गया था। इसकी सूचना अधिशासी अभियंता, नगरीय विद्युत वितरण खंड, एसडीओ और जेई को दूरभाष के माध्यम से दी गई। आरोप है कि एसडीओ की ओर से कार्य कराने के निर्देश दिए जाने के बावजूद मौके पर न तो कोई अधिकारी पहुंचा और न ही नया खंभा लगाया गया।

ज्ञापन में कहा गया है कि क्षेत्र में 5 से 7 जर्जर खंभे अभी भी हादसे को दावत दे रहे हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि नगर पालिका परिषद की ओर से स्ट्रीट लाइट के लिए लगाए गए अपेक्षाकृत हल्के खंभों पर विद्युत विभाग ने भारी केबल खींच दीं, जिसके कारण कई खंभे तिरछे हो गए हैं। कई स्थानों पर केबल जमीन को छू रही हैं और खंभों के मकानों पर गिरने का खतरा बना हुआ है।

उपभोक्ताओं के अनुसार इस समस्या को लेकर आईजीआरएस के माध्यम से भी शिकायत की गई थी। आरोप है कि करीब दो वर्ष पहले विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता ने मुख्यमंत्री कार्यालय को अवगत कराया था कि कार्यदायी संस्था मैसर्स गंगा इन्फ्राप्रोजेक्ट लिमिटेड, कानपुर को उक्त स्थल पर कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक धरातल पर अपेक्षित कार्य नहीं हुआ।

स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि यदि जर्जर खंभों और लटकती केबलों को समय रहते ठीक नहीं किया गया तो किसी भी समय गंभीर हादसा हो सकता है। उपभोक्ताओं ने जिलाधिकारी से विद्युत विभाग के आला अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कराकर सभी जर्जर खंभों को बदलने तथा केबलों को सुरक्षित ऊंचाई पर कराने की मांग की है।

स्थानीय उपभोक्ताओं ने कहा कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ और कोई अप्रिय घटना घटती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

You cannot copy content of this page