बांदाबुंदेलखंड

बेंदा खदान बनी ओवरलोडिंग का अड्डा, नियम-कानून बेअसर!

यमुना की जलधारा में भारी मशीनों से खनन का आरोप, सड़कों पर दौड़ रहे ओवरलोड ट्रक और डंपर -

 

 

बांदा:-  यमुना नदी की कोख से बालू निकालने का सिलसिला एक बार फिर तेज हो गया है। तिंदवारी थाना क्षेत्र की चर्चित बेंदा खदान में मानसून की विदाई के बाद खनन गतिविधियां तेज होने के साथ ही नियमों की अनदेखी के आरोप भी सामने आने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि खदान में भारी मशीनों से दिन-रात खुदाई कराई जा रही है और ओवरलोड वाहनों की आवाजाही पर कोई प्रभावी अंकुश नहीं है।

ग्राउंड जीरो से सामने आई तस्वीरों और स्थानीय लोगों के दावों के मुताबिक, यमुना की जलधारा के आसपास भारी मशीनों से खुदाई की जा रही है। वहीं, सैकड़ों ट्रक और डंपर पैलानी, बेंदा और बबेरू मार्ग पर दौड़ रहे हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि कई वाहन निर्धारित क्षमता से दो से तीन गुना तक अधिक बालू लादकर निकलते हैं। भारी वाहनों की आवाजाही से नई बनी सड़कों के क्षतिग्रस्त होने और तेज रफ्तार डंपरों से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ने की बात भी कही जा रही है।

बिना तौल और रॉयल्टी पर्ची के निकासी का आरोप – 

खदान संचालन को लेकर एक और गंभीर आरोप सामने आया है। स्थानीय स्तर पर दावा किया जा रहा है कि कुछ वाहनों को बिना विधिवत कांटा-तौल और रॉयल्टी पर्ची के निकाला जा रहा है। यदि इन आरोपों की पुष्टि होती है तो यह खनन और परिवहन नियमों के अनुपालन पर गंभीर सवाल खड़े करेगा। खदान संचालन में कथित सिंडिकेट और मिलीभगत की चर्चाएं भी क्षेत्र में हैं, हालांकि इनकी स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।

यमुना और पर्यावरण पर मंडराता खतरा –

अंधाधुंध खनन का असर केवल सड़कों और यातायात तक सीमित नहीं है। नदी की प्राकृतिक जलधारा, भूजल स्तर और पर्यावरणीय संतुलन पर भी इसके गंभीर प्रभाव पड़ सकते हैं। ऐसे में एनजीटी के दिशा-निर्देशों और खनन विभाग के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराना बेहद जरूरी है।

प्रशासन की चुप्पी पर उठ रहे सवाल –

अब सबसे बड़ा सवाल जिलाधिकारी, खनिज विभाग और परिवहन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर है। यदि खदान में नियमों का पालन हो रहा है तो ओवरलोडिंग, मशीनों से खुदाई और बिना तौल वाहनों की निकासी के आरोपों की जांच क्यों नहीं कराई जा रही? प्रशासन को मौके पर जांच कराकर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इन आरोपों पर कार्रवाई करते हैं या बेंदा खदान में कथित अनियमितताओं का सिलसिला यूं ही जारी रहता है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

You cannot copy content of this page