
वाराणसी :- अहमदाबाद/ पेंशनधारकों को अब जीवन प्रमाणपत्र जमा करने के लिए बैंक, ट्रेजरी या सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। डाक विभाग ने घर बैठे डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र (डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट) बनाने की सुविधा शुरू की है। इसके तहत डाकिया या ग्रामीण डाक सेवक पेंशनर के घर पहुंचकर बायोमेट्रिक प्रक्रिया के जरिए प्रमाणपत्र तैयार करेंगे। इस सेवा के लिए मात्र 70 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।

उत्तर गुजरात परिक्षेत्र, अहमदाबाद के पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार सहित विभिन्न सरकारी विभागों के पेंशनभोगियों को यह सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। प्रमाणपत्र बनने के बाद स्वतः संबंधित विभाग को ऑनलाइन भेज दिया जाएगा, जिससे पेंशन जारी रहने में सुविधा होगी।
उन्होंने बताया कि इस सेवा का लाभ लेने के लिए पेंशनधारकों को आधार नंबर, मोबाइल नंबर और पीपीओ नंबर देना होगा। डाकिया घर पहुंचकर फिंगरप्रिंट बायोमेट्रिक डिवाइस के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र तैयार करेगा। प्रक्रिया पूरी होने पर पेंशनर के मोबाइल पर पुष्टि का एसएमएस आएगा। प्रमाणपत्र अगले दिन https://jeevanpramaan.gov.in/ppouser/login से डाउनलोड किया जा सकेगा।
इस सेवा का शुभारंभ अहमदाबाद में पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव की उपस्थिति में ईपीएफओ के पेंशनभोगी घनश्यामभाई हरगोवनदास और जीविबेन दलाभाई परमार का डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र डाकिया के माध्यम से बनाकर किया गया।
गौरतलब है कि डाक विभाग के इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की ओर से पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग के सहयोग से 1 से 30 नवंबर 2026 तक राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान 5.0 चलाया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य डिजिटल सेवाओं को घर-घर तक पहुंचाना और विशेषकर बुजुर्ग एवं दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले पेंशनभोगियों की परेशानी कम करना है।

पोस्टमास्टर जनरल ने बताया कि पेंशनभोगी अपने क्षेत्र के पोस्टमैन या ग्रामीण डाक सेवक से संपर्क कर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इसके अलावा डाकिया के माध्यम से आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम (AePS) के जरिए घर बैठे अपने बैंक खाते से पेंशन की धनराशि भी निकाल सकते हैं।



