दिल्ली

पीएम मोदी ने संस्कृत श्लोक के जरिए दिया समानता और न्याय का संदेश, बोले- न्याय का मार्ग नहीं छोड़ते सत्पुरुष –

एक्स पर साझा किया श्लोक, कहा- सभी प्राणियों को समान दृष्टि से देखने और काम-क्रोध से मुक्त रहने वाले ही सच्चे सत्पुरुष

 

 

दार्शनिक समाचार | नई दिल्ली।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संस्कृत के एक प्रेरक श्लोक के माध्यम से समानता, निष्पक्षता और न्याय के महत्व का संदेश दिया। सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर श्लोक साझा करते हुए उन्होंने बताया कि जो व्यक्ति सभी प्राणियों को समान दृष्टि से देखते हैं, काम और क्रोध से मुक्त रहते हैं तथा किसी भी परिस्थिति में न्याय का मार्ग नहीं छोड़ते, वही वास्तव में सत्पुरुष कहलाते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने पोस्ट में लिखा—

”समाः सर्वेषु भूतेषु कामक्रोधविवर्जिताः।
न्यायमार्गं न मुञ्चन्ति ते वै सत्पुरुषाः स्मृताः।।”

इसका भावार्थ है कि जो सभी जीवों के प्रति समान भाव रखते हैं, व्यक्तिगत इच्छाओं और क्रोध से प्रभावित नहीं होते तथा न्याय के रास्ते से कभी विचलित नहीं होते, उन्हें ही सच्चे अर्थों में सज्जन और सत्पुरुष माना जाता है।

राष्ट्रपति मुर्मु से की थी मुलाकात

प्रधानमंत्री की यह पोस्ट दीपावली के अगले दिन सामने आई। रविवार को उन्होंने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात कर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दी थीं। राष्ट्रपति भवन ने भी एक्स के माध्यम से इस मुलाकात की जानकारी साझा की थी। इससे पहले उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी राष्ट्रपति से मुलाकात कर उन्हें त्योहार की बधाई दी थी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दीपावली पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सभी के अच्छे स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि की कामना की थी। उन्होंने उम्मीद जताई थी कि भारतीय मूल्यों से प्रेरित युवा विकसित भारत के निर्माण में उत्साहपूर्वक योगदान देंगे।

वीडियो संदेश से दी थी दीपावली की बधाई

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो संदेश के जरिए देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी थीं। उन्होंने सभी के जीवन में शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की थी। इसके बाद उन्होंने छत्तीसगढ़ के बस्तर में सुरक्षाकर्मियों के साथ दीपावली मनाई और नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में सुरक्षा बलों के योगदान की सराहना की।

प्रधानमंत्री ने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और उनके परिवार से भी मुलाकात कर दीपावली की शुभकामनाएं दी थीं।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

You cannot copy content of this page