दिल्ली

होर्मुज पर ईरान का बड़ा दांव! अमेरिका के सामने रखी 48 घंटे में रास्ता खोलने की शर्त –

विदेश मंत्री अब्बास अराघची बोले- सभी मोर्चों पर युद्ध समाप्त करे अमेरिका, वरना सैन्य टकराव के लिए रहे तैयार; रुबियो ने ईरान की मांगों को बताया अव्यावहारिक, ट्रंप ने सैन्य कार्रवाई की संभावना से किया इनकार नहीं -

दार्शनिक समाचार | नई दिल्ली।

ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर नया कूटनीतिक दांव सामने आया है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिका के सामने 48 घंटे का प्रस्ताव रखने का दावा किया है। उनके मुताबिक, यदि अमेरिका सभी मोर्चों पर युद्ध समाप्त करने की शर्त स्वीकार करता है तो ईरान 48 घंटे के भीतर होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने को तैयार है। अराघची ने चेतावनी दी कि शर्तें स्वीकार नहीं होने की स्थिति में ईरानी सेना सैन्य कार्रवाई के लिए तैयार है।

अराघची ने रविवार को ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA को दिए इंटरव्यू में यह बात कही। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी प्रस्ताव को लेकर पोस्ट किया। उन्होंने अमेरिका को कूटनीति और सैन्य टकराव में से एक रास्ता चुनने की चुनौती दी। अराघची के अनुसार, ईरानी सेना ने अपनी सैन्य तैयारियों को मजबूत किया है और संभावित हमले का जवाब देने के लिए तैयार है।

शांति वार्ता पर फिर लगा ब्रेक

अराघची ने दावा किया कि अमेरिकी मिडटर्म चुनाव के नतीजों के बाद दोनों देशों के बीच शांति समझौते को लेकर बातचीत आगे नहीं बढ़ पाई है। मध्यस्थ देशों के प्रतिनिधियों की सक्रियता भी प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि अब फैसला अमेरिका को करना है कि वह बातचीत के जरिए विवाद सुलझाना चाहता है या सैन्य टकराव का रास्ता अपनाएगा।

रुबियो ने ईरान की मांगों को बताया अव्यावहारिक

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने ईरान की शर्तों को स्वीकार करने से इनकार किया है। रविवार को फ्लोरिडा में उन्होंने कहा कि ईरान की कुछ मांगें अव्यावहारिक और हास्यास्पद हैं। उन्होंने बताया कि कई देश दोनों देशों के बीच बातचीत कराने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन फिलहाल समझौते की दिशा में कोई ठोस प्रगति नहीं दिख रही है। रुबियो के मुताबिक, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कूटनीतिक समाधान चाहते हैं।

ट्रंप का दावा- ईरान को भारी नुकसान

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने CNN को दिए इंटरव्यू में कहा कि यदि ईरान के साथ मजबूत समझौता हो जाता है तो उस पर दोबारा हमला करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने ईरान को कमजोर देश बताते हुए वहां 301 प्रतिशत महंगाई होने का दावा किया। ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी कार्रवाई से ईरान को सैन्य और आर्थिक रूप से काफी नुकसान पहुंचा है। हालांकि, उन्होंने जरूरत पड़ने पर आगे सैन्य कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया।

परमाणु कार्यक्रम पर भी समझौते की कोशिश

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान ने कतर के माध्यम से अमेरिका को अपने परमाणु कार्यक्रम से जुड़ा प्रस्ताव भेजा है। बातचीत शुरू करने के लिए तेहरान की ओर से सात शर्तें रखे जाने की भी खबर है। हालांकि, दोनों देशों के बीच समझौते को लेकर अब तक सहमति नहीं बन पाई है।

होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है। यहां किसी भी तरह का सैन्य तनाव अंतरराष्ट्रीय तेल आपूर्ति, समुद्री व्यापार और वैश्विक अर्थव्यवस्था को प्रभावित कर सकता है। ऐसे में ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ता तनाव पूरी दुनिया की चिंता बढ़ा रहा है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

You cannot copy content of this page