दीपावली की खुशियों पर आग का कहर! MP से महाराष्ट्र-असम तक कई परिवारों में मातम –
कटनी-सिवनी में 11 की मौत, धाराशिव में एक ही परिवार के छह सदस्यों की गई जान; दिल्ली, राजस्थान और ओडिशा में भी दर्दनाक हादसे -

दार्शनिक समाचार | नई दिल्ली।
देशभर में दीपावली का त्योहार जहां दीपों की जगमगाहट, आतिशबाजी और खुशियों के बीच मनाया गया, वहीं कई परिवारों के घरों में खुशियों के दीप हमेशा के लिए बुझ गए। रोशनी के इस पर्व पर आग ने ऐसा तांडव मचाया कि मध्य प्रदेश से महाराष्ट्र, असम, ओडिशा, राजस्थान और दिल्ली तक मातम पसर गया। अलग-अलग राज्यों में आग लगने और पटाखों से जुड़े हादसों में 30 से अधिक लोगों की जान चली गई। कहीं पूरी इमारत आग की लपटों में घिर गई तो कहीं जहरीले धुएं ने एक ही परिवार के कई सदस्यों की सांसें छीन लीं। सबसे दर्दनाक घटनाएं मध्य प्रदेश के कटनी और सिवनी में सामने आईं, जहां दो अग्निकांडों में 11 लोगों की मौत हो गई। महाराष्ट्र के धाराशिव में एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत ने हर किसी को झकझोर दिया।
कटनी में एक ही परिवार के छह लोगों की दर्दनाक मौत –
मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बरही में दीपावली की रात करीब 12 बजे पूरन अग्रवाल की क्रॉकरी दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने तीन मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। आग और धुएं के बीच मकान में मौजूद परिवार को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। इस भयावह हादसे में 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला, बहू पूनम, 14 वर्षीय आर्या, छह वर्षीय अन्वी और महज दो महीने के मासूम की मौत हो गई। रातभर चले बचाव अभियान के दौरान सुबह करीब 4:30 बजे पूरन अग्रवाल को बाहर निकाला गया। इसके बाद सुबह करीब 6:30 बजे जेसीबी की मदद से दीवार तोड़कर परिवार के अन्य पांच सदस्यों को बाहर निकाला गया। एक ही घर से छह अर्थियां उठने की इस घटना ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया।
सिवनी में भी आग ने छीनी पांच जिंदगियां –
कटनी के बाद सिवनी जिले के छपारा स्थित जैन मोहल्ले में भी आग ने कहर बरपाया। सोमवार तड़के करीब तीन बजे सर्राफा कारोबारी कुंदन सोनी के मकान में आग लग गई। आग की लपटों और धुएं के बीच फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए दमकल और प्रशासन की टीमों ने रेस्क्यू अभियान चलाया। छह लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन उनमें से पांच की जान नहीं बचाई जा सकी। दीपावली की खुशियां यहां भी चीख-पुकार और मातम में बदल गईं।
धाराशिव में एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत
महाराष्ट्र के धाराशिव जिले के येदशी गांव में दीपावली की रात किराने की दुकान और उसके ऊपर बने मकान में भीषण आग लग गई। आग के साथ उठे जहरीले धुएं ने परिवार को संभलने का मौका नहीं दिया। दम घुटने और झुलसने से एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई। इस घटना ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया।
मुंबई, पुणे और असम में भी हादसों ने ली जान –
मुंबई के अंधेरी वेस्ट स्थित लोखंडवाला की एक बहुमंजिला इमारत में दीपावली की पूर्व संध्या पर आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, पुणे में दीपावली के दौरान आग लगने की 63 घटनाएं दर्ज की गईं। उधर, असम के डिब्रूगढ़ में ऑयल इंडिया (OIL) के प्लांट में आग लगने की घटना में चार कर्मचारियों की झुलसकर मौत हो गई। औद्योगिक इकाई में हुए इस हादसे ने अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
राजस्थान, दिल्ली और ओडिशा में भी पसरा मातम –
राजस्थान के पाली जिले के फालना कस्बे में पटाखों की दुकान पर चिंगारी गिरने से आग लग गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। दिल्ली के नरेला में पटाखे का रॉकेट सीधे 10 वर्षीय बच्चे के शरीर पर जा लगा, जिससे उसकी जान चली गई। तमिलनाडु में भी आतिशबाजी के दौरान हुए हादसे में एक बच्चे की मौत की खबर सामने आई।
ओडिशा के जाजपुर जिले के नालीपुर गांव में शनिवार रात एक मकान में आग लगने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में 42 वर्षीय तबस्सुम, उनकी 27 वर्षीय बेटी गुलअफ्सा और आठ तथा दस साल के दो बच्चे शामिल थे। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
उज्जैन में 107 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, 10 लोगों का रेस्क्यू –
मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित नागझिरी क्षेत्र में दीपावली की रात दो मंजिला मकान के निचले हिस्से में बनी दुकानों में आग लग गई। आग फैलने के कारण ऊपरी मंजिल पर परिवार के 10 सदस्य फंस गए। स्थानीय लोगों, पुलिस और नगर निगम की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी को बाहर निकाला, लेकिन इस दौरान 107 वर्षीय बुजुर्ग की जान नहीं बचाई जा सकी।
रोशनी के पर्व पर सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल –
दीपावली पर देश के अलग-अलग हिस्सों में हुए इन हादसों ने एक बार फिर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, पटाखों के सुरक्षित भंडारण, दुकानों और रिहायशी इमारतों में फायर सेफ्टी इंतजामों तथा आपातकालीन बचाव व्यवस्था की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घनी आबादी वाले इलाकों में दुकान के ऊपर मकान, संकरे रास्ते, ज्वलनशील सामान और आग बुझाने के पर्याप्त इंतजामों का अभाव कई बार छोटी चिंगारी को भी बड़े हादसे में बदल देता है।
त्योहार पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी और लापरवाही की कीमत मासूम बच्चों, बुजुर्गों और पूरे परिवारों को अपनी जान देकर चुकानी पड़े, इससे बड़ी त्रासदी क्या होगी? दीपावली हर साल आएगी, घर फिर रोशन होंगे, लेकिन जिन परिवारों ने अपने अपनों को खो दिया, उनके लिए यह त्योहार अब हमेशा एक दर्दनाक याद बनकर रह जाएगा।



