
लखनऊ:- लखनऊ मेट्रो के प्रति लोगों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) की ओर से सालभर चलाए जा रहे जागरूकता और जनसंपर्क अभियानों का सकारात्मक असर मेट्रो की दैनिक राइडरशिप में दिखाई दे रहा है। पिछले लगातार चार दिनों तक प्रतिदिन एक लाख से अधिक यात्रियों ने मेट्रो से सफर किया। इस दौरान 3 नवंबर को लगभग 1.10 लाख यात्रियों के साथ सर्वाधिक दैनिक राइडरशिप दर्ज की गई।
यूपीएमआरसी के स्टेशनवार आंकड़ों के अनुसार, हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर प्रतिदिन लगभग 11 हजार यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई, जबकि चारबाग स्टेशन पर यह आंकड़ा 10 से 11 हजार के बीच रहा। वहीं विश्वविद्यालय और अमौसी स्टेशनों पर प्रतिदिन लगभग 7 से 8 हजार तथा सिंगार नगर स्टेशन पर 6 से 7 हजार यात्रियों ने आवागमन किया।
हर महीने 300 जागरूकता गतिविधियां —
यूपीएमआरसी के ऑपरेशंस एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से हर महीने औसतन 300 जागरूकता और जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। इनके जरिए लोगों को मेट्रो सेवाओं, यात्री सुविधाओं और सार्वजनिक परिवहन के फायदों की जानकारी दी जाती है। सोशल मीडिया के माध्यम से भी नियमित अभियान चलाकर लोगों को मेट्रो से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
समय की बचत के साथ प्रदूषण में कमी –
मेट्रो का समयबद्ध और विश्वसनीय संचालन यात्रियों को ट्रैफिक जाम से राहत देते हुए निर्धारित समय पर गंतव्य तक पहुंचने की सुविधा प्रदान करता है। इसके साथ ही निजी वाहनों पर निर्भरता कम होने से प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलती है।
यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि लखनऊवासियों का मेट्रो पर बढ़ता भरोसा उत्साहजनक है। बेहतर यात्री सुविधाओं और जागरूकता अभियानों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रेरित करना निगम का प्रयास है।



