नवीन तिवारी –
वाराणसी:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। अहिल्याबाई घाट पर विप्र समाज के तत्वावधान में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां गंगा का पूजन और दुग्धाभिषेक किया गया।
श्री अन्नपूर्णा ऋषिकुल ब्रह्मचर्य आश्रम और श्री शास्त्रार्थ महाविद्यालय के 76 बटुक ब्राह्मणों ने आचार्य उदित नारायण मिश्र के नेतृत्व में 76 लीटर केसर जल और दूध से मां गंगा का अभिषेक किया। इस दौरान डमरू वादन, शंखनाद और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु और मंगलमय जीवन की कामना की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद शहर दक्षिणी विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि आज देवशिल्पी भगवान विश्वकर्मा की जयंती भी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आधुनिक भारत का शिल्पी कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री का नेतृत्व राष्ट्रहित और विकास को केंद्र में रखते हुए आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम संयोजक एवं विप्र समाज के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद काशी के विकास को नई दिशा मिली है। उन्होंने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, घाटों के सौंदर्यीकरण, कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे के विकास का उल्लेख किया।
कार्यक्रम में डॉ. पवन कुमार शुक्ला, प्रदीप श्रीवास्तव, आशुतोष द्विवेदी, नवीन कसेरा, महंत रमेश तिवारी लिंगिया महाराज, संजय उपाध्याय, आकाश पाठक और सुनील यादव सहित बड़ी संख्या में बटुक एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।



