
वाराणसी :- भारत सरकार के ‘स्वच्छ भारत मिशन’ के तहत डाक विभाग द्वारा ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का बुधवार को शुभारंभ किया गया। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इस वर्ष अभियान की थीम ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ रखी गई है।
उत्तर गुजरात परिक्षेत्र, अहमदाबाद के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने क्षेत्रीय कार्यालय स्थित ‘मेघदूतम’ हॉल में डाक विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस दौरान स्वच्छता के प्रति सजग रहने, प्रत्येक सप्ताह श्रमदान करने तथा स्वच्छता की शुरुआत स्वयं, परिवार, मोहल्ले, गांव और कार्यस्थल से करने का संकल्प लिया गया।

पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि, स्वच्छता किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने डाककर्मियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान सामूहिक स्वच्छता शपथ, विशेष विरूपण (Special Cancellation), ‘स्वच्छ पाठशाला–युवा फॉर स्वच्छता’, स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों (CTUs) और कचरा संवेदनशील स्थलों (GVPs) का रूपांतरण, सार्वजनिक स्थलों की सफाई एवं सौंदर्यीकरण जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
इसके अलावा पर्यटन एवं भीड़भाड़ वाले स्थलों, जल निकायों, संस्थानों और डाक कार्यालयों में स्वच्छता अभियान चलाए जाएंगे। ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पौधारोपण, ‘रिड्यूस, रीयूज एवं रिसाइकिल’ के प्रति जागरूकता, सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने वाली गतिविधियां भी होंगी। सफाईमित्रों की सुरक्षा, कल्याण और सम्मान पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
सहायक निदेशक वारिस वहोरा ने बताया कि ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ पहल के जरिए सामूहिक श्रमदान और स्वैच्छिक भागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा। आगामी पर्वों के दौरान जीरो-वेस्ट और पर्यावरण अनुकूल आयोजनों को प्रोत्साहित करने के साथ फूलों एवं जैविक कचरे के उचित प्रबंधन पर भी जोर दिया जाएगा।
इस अवसर पर अहमदाबाद मंडल के प्रवर डाक अधीक्षक शिशिर कुमार, गांधीनगर मंडल के प्रवर डाक अधीक्षक शुभम डोंगरदिवे, महेसाणा मंडल के डाक अधीक्षक एस.के. वर्मा, साबरकांठा मंडल के डाक अधीक्षक दीपक वाढेर, बनासकांठा मंडल के डाक अधीक्षक हर्षद परमार सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



