
वाराणसी:- नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने आज गंगा तट के प्रमुख घाटों पर व्यापक निरीक्षण करते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा कि घाटों की स्वच्छता, सौंदर्य और अनुशासन से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। नगर आयुक्त ने नमो घाट से लेकर मणिकर्णिका घाट तक लगभग सभी प्रमुख घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर साफ-सफाई, अतिक्रमण, अवैध गतिविधियों और चल रहे विकास कार्यों का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने घाटों पर किसी भी प्रकार के अतिक्रमण, अवैध गुमटी, दुकान संचालन, नाव निर्माण से संबंधित सामग्री, स्क्रैप एवं लकड़ी के अवैध जमाव को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। घाटों की दीवारों को पान-पीक से गंदा किए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने संबंधित स्थलों की सफाई कर वॉल पेंटिंग कराए जाने का निर्देश दिया।

नगर आयुक्त ने घाटों के पाथवे पर टूटे हुए चौकों को तुरंत बदलने, सीढ़ियों पर जमी सिल्ट की सफाई कराने, सोता से हो रहे जल रिसाव को नियंत्रित करने तथा घाटों पर लगे अवैध विज्ञापन पोस्टर चिन्हित कर हटाने के आदेश दिए। गंगा नदी के किनारे फूल-मालाओं की नियमित सफाई जाल के माध्यम से सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। घाटों पर दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए नगर आयुक्त ने कहा कि प्रत्येक दुकान के आगे डस्टबिन अनिवार्य रूप से रखा जाए, अन्यथा गंदगी फैलाने की स्थिति में कड़ी कार्यवाही की जाएगी। साथ ही जीर्ण-शीर्ण डस्टबिनों की मरम्मत, पेंटिंग अथवा नए डस्टबिन लगाए जाने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान घाटों पर तैनात बीट सफाई कर्मचारियों का स्थलीय सत्यापन किया गया तथा घाट पाथवे के चल रहे रिनोवेशन कार्यों का जायजा लेते हुए उन्हें शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के समय जोनल अधिकारी दशाश्वमेध/कोतवाली मृत्युंजय नारायण मिश्र, अधिशासी अभियंता (सिविल), अधिशासी अभियंता जल निगम, सहायक अभियंता जलकल, अवर अभियंता मार्ग प्रकाश, संबंधित सफाई निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



