बांदा

पांच करोड़ की कथित सरकारी लूट के आरोपियों पर कार्रवाई क्यों नहीं?

जांच में अनियमितताएं उजागर, तत्कालीन डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने भी कार्रवाई की संस्तुति की, फिर भी नगर विकास विभाग की चुप्पी पर उठे गंभीर सवाल

                          आत्माराम त्रिपाठी

बांदा। नगर पालिका परिषद अतर्रा में सरकारी धन के कथित दुरुपयोग और करोड़ों रुपये की वित्तीय अनियमितताओं का मामला शासन के संज्ञान में आने तथा उच्चस्तरीय जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बावजूद अब तक दोषियों पर प्रभावी कार्रवाई न होना नगर विकास विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। हैरानी की बात यह है कि तत्कालीन जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने भी तत्कालीन अधिशासी अधिकारी राम सिंह सहित संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने की संस्तुति शासन को भेजी थी, लेकिन आरोप है कि नगर विकास अनुभाग-6 के स्तर पर मामला अब तक लंबित है।
शिकायतकर्ता एवं भाजपा अतर्रा मंडल के पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष उमाकांत दीक्षित के अनुसार, नगर पालिका परिषद अतर्रा में वर्ष 2023 के दौरान डस्टबिन, कंटेनर, विद्युत सामग्री, केमिकल सहित विभिन्न मदों में खरीद और निविदा प्रक्रिया के माध्यम से लगभग पांच करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितताएं की गईं। इस संबंध में उन्होंने 14 दिसंबर 2022 को तत्कालीन आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल आरपी सिंह को छह बिंदुओं पर शपथपत्र सहित शिकायत सौंपी थी। आयुक्त ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की थी।
जांच समिति में मुख्य विकास अधिकारी चित्रकूट को अध्यक्ष तथा उप जिलाधिकारी विकास यादव और अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण प्रखंड बांदा को सदस्य बनाया गया था। शिकायतकर्ता का दावा है कि जांच में तत्कालीन अधिशासी अधिकारी राम सिंह, अकाउंटेंट शिवचरण बाजपेई और सफाई लिपिक संतोष कुमार निगम की भूमिका में गंभीर वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितताएं सामने आई थीं।
मामले में सबसे महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि तत्कालीन जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने आयुक्त कार्यालय के पत्र संख्या 1017/21-एलबीए जांच, दिनांक 20 जून 2023 के क्रम में अपनी जांच आख्या शासन को भेजी थी। जिलाधिकारी ने पत्र संख्या 1594/21-एलबीसी, दिनांक 26 जुलाई 2023 के माध्यम से प्रमुख सचिव, नगर विकास अनुभाग-6, उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ को तत्कालीन अधिशासी अधिकारी राम सिंह के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने की संस्तुति की थी।
इस पत्र में राम सिंह, अकाउंटेंट शिवचरण बाजपेई तथा सफाई लिपिक संतोष कुमार निगम के विरुद्ध शासकीय धन का दुरुपयोग, पदीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर शिथिलता और अन्य अनियमितताओं के संबंध में कार्रवाई के लिए जांच आख्या प्रेषित की गई थी। इसके बावजूद अब तक ठोस कार्रवाई सामने न आना शासन की जवाबदेही पर सवाल खड़े करता है।
2021 की शिकायत और जांच पर भी उठे सवाल
शिकायतकर्ता के मुताबिक, इससे पहले 27 दिसंबर 2021 को तत्कालीन जिलाधिकारी अनुराग पटेल को नगर पालिका अतर्रा में टाइड एवं अनटाइड ग्रांट की प्रथम और द्वितीय किस्त से कराए जाने वाले कार्यों की निविदाओं में कथित गड़बड़ी की जांच के लिए प्रत्यावेदन दिया गया था। तत्कालीन जिलाधिकारी ने मुख्य कोषाधिकारी की अध्यक्षता में डिप्टी कलेक्टर राजस्व और अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग को शामिल करते हुए तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की थी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि मुख्य कोषाधिकारी की छह जनवरी 2022 की जांच आख्या में तत्कालीन पालिका प्रशासक रामेंद्र सिंह और अधिशासी अधिकारी राम सिंह की भूमिका में गंभीर अनियमितताएं सामने आई थीं। इसके बाद कारण बताओ नोटिस जारी हुए, लेकिन जवाबों के आधार पर मामला आगे नहीं बढ़ाया गया और किसी प्रभावी विभागीय कार्रवाई की जानकारी शिकायतकर्ता को नहीं मिली।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि कार्रवाई की आशंका के बीच तत्कालीन अधिशासी अधिकारी राम सिंह का स्थानांतरण कौशांबी जनपद की एक नगर पालिका में करा लिया गया। हालांकि स्थानांतरण से पूर्व की कथित वित्तीय अनियमितताओं और जांच में सामने आए तथ्यों की जवाबदेही समाप्त नहीं हो जाती। ऐसे में सवाल है कि जांच और संस्तुति के बावजूद संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
उमाकांत दीक्षित ने 30 सितंबर 2023 को मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन को भी साक्ष्यों सहित पंजीकृत डाक से शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की थी। इसके अलावा नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव और नगर विकास मंत्री को भी कई बार प्रत्यावेदन दिए जाने का दावा किया गया है।
शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पूरे प्रकरण का संज्ञान लेकर उच्चस्तरीय निष्पक्ष समीक्षा कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जांच आख्या और उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर तत्कालीन पालिका प्रशासक रामेंद्र सिंह, अधिशासी अधिकारी राम सिंह, अकाउंटेंट शिवचरण बाजपेई तथा सफाई लिपिक संतोष कुमार निगम की जवाबदेही निर्धारित की जाए। दोष सिद्ध होने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई करते हुए सरकारी धन की नियमानुसार वसूली भी सुनिश्चित की जाए।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब जिले से लेकर मंडल स्तर तक जांच कराई गई, तत्कालीन जिलाधिकारी ने शासन को कार्रवाई की संस्तुति भेजी और शिकायतकर्ता ने मुख्य सचिव तक दस्तावेज पहुंचाए, तो फिर नगर विकास अनुभाग-6 में कार्रवाई की फाइल आगे क्यों नहीं बढ़ी? क्या सरकारी धन के कथित दुरुपयोग के मामलों में जांच रिपोर्ट और प्रशासनिक संस्तुतियां महज कागजी औपचारिकता बनकर रह जाएंगी?

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

You cannot copy content of this page