दिल्ली

ईरान का बहरीन में अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइल-ड्रोन अटैक, दो पैट्रियट रडार तबाह करने का दावा –

 

 

 

नई दिल्ली:-  पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य तनाव बढ़ता नजर आ रहा है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसकी एयरोस्पेस फोर्स ने बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन से संयुक्त हमला किया। इस दौरान अमेरिका के दो पैट्रियट एयर डिफेंस रडार सिस्टम को निशाना बनाए जाने की बात कही गई है।

ईरान के सरकारी प्रसारक IRIB के मुताबिक, हमले में बहरीन के अल-रिफा और अवाली स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया। हालांकि, अमेरिकी सेना की ओर से इन रडार सिस्टम को नुकसान पहुंचने के दावे की स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है।

हेंगाम द्वीप पर हमले के जवाब में कार्रवाई का दावा  – 

IRGC ने अपने बयान में कहा कि यह हमला अमेरिकी MQ-1 और MQ-9 सैन्य ड्रोन द्वारा ईरानी हवाई क्षेत्र के कथित उल्लंघन और हेंगाम द्वीप पर एक रडार इंस्टॉलेशन को निशाना बनाए जाने के जवाब में किया गया।

IRGC ने दावा किया कि क्षेत्र में अमेरिकी सुरक्षा और एयर डिफेंस मिशन अपने उद्देश्यों को हासिल करने में विफल रहे तथा अमेरिकी सुरक्षा के तहत काम कर रहे सैन्य उपकरणों और जहाजों को नुकसान पहुंचा है। ईरान ने अपने हवाई क्षेत्र को रेड लाइन बताते हुए भविष्य में किसी भी घुसपैठ पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

अमेरिकी MQ-9 और MQ-1 ड्रोन गिराने का वीडियो जारी – 

इससे पहले ईरान के सरकारी प्रसारक IRIB ने कुछ वीडियो फुटेज जारी किए, जिनमें कथित तौर पर होर्मुज जलडमरूमध्य के ऊपर अमेरिकी MQ-9 और MQ-1 सैन्य ड्रोन को निशाना बनाते हुए दिखाया गया है।

IRIB ने एक अन्य वीडियो में बहरीन के अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले का फुटेज जारी करने का दावा किया। इसके साथ अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) को चुनौती देते हुए कहा गया कि वह एक बार फिर फैक्ट चेक जारी कर अमेरिकी सैन्य उपकरणों को हुए नुकसान से इनकार करे।

हालांकि, ईरान की ओर से जारी वीडियो और सैन्य नुकसान संबंधी दावों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है। इस घटनाक्रम के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य और खाड़ी क्षेत्र में सैन्य तनाव बढ़ने की आशंका बनी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

You cannot copy content of this page