
लखनऊ :- लखनऊ विश्वविद्यालय के 106वें स्थापना दिवस समारोह के तहत रसायन विज्ञान विभाग में एमएससी रसायन विज्ञान के 1976 बैच का स्वर्ण जयंती पुनर्मिलन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर 50 वर्ष बाद एकत्र हुए पूर्व छात्रों ने अपनी मातृ संस्था के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विभाग को आरओ जल शोधक और वाटर कूलर भेंट किया। कुलपति प्रो. जेपी सैनी ने इसका उद्घाटन किया। इससे विभाग के विद्यार्थियों, शोधार्थियों और कर्मचारियों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल की सुविधा मिलेगी।
, 
समारोह में कुलपति प्रो. जेपी सैनी ने पूर्व छात्रों के संस्थान के प्रति जुड़ाव और सम्मान की सराहना की। उन्होंने कहा कि शोध तभी सार्थक है, जब उसका लाभ समाज को मिले। शोधार्थियों को अपने शोध कार्यों के प्रकाशन के साथ-साथ पेटेंट कराने पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि तकनीक और शिक्षण के तरीके बदल रहे हैं, लेकिन ज्ञान, अनुशासन और मानवीय मूल्य आज भी शिक्षा की बुनियाद हैं।

विज्ञान संकाय की अधिष्ठाता प्रो. शीला मिश्रा ने कहा कि रसायन विज्ञान की शिक्षा और शोध में विद्यार्थियों को अपनी मूल वैज्ञानिक अवधारणाएं मजबूत रखनी चाहिए। साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का जिम्मेदारी और विवेकपूर्ण तरीके से उपयोग करना चाहिए।
विभागाध्यक्ष प्रो. आभा बिश्नोई ने पूर्व छात्रों का स्वागत करते हुए आरओ और वाटर कूलर भेंट करने के लिए आभार जताया। उन्होंने पूर्व छात्रों से वर्तमान विद्यार्थियों को शोध, पीएचडी और उद्योग जगत में करियर निर्माण के लिए मार्गदर्शन देने का आह्वान किया।
इस दौरान पूर्व छात्रों ने अपने छात्र जीवन के संस्मरण साझा किए। आईआईटी बॉम्बे के सेवानिवृत्त प्रोफेसर प्रो. एचबी सिंह, डॉ. जीसी श्रीवास्तव, डॉ. एचपी द्विवेदी और स्वर्ण पदक विजेता डॉ. ज्योत्सना सक्सेना ने विभाग में बिताए दिनों और शिक्षकों से मिले मार्गदर्शन को याद किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. शशि बाला ने किया। शुभारंभ अर्चना श्रीवास्तव के स्वागत गीत से हुआ। पूर्व छात्रा डॉ. श्रद्धा सिन्हा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह में रसायन विज्ञान विभाग के शिक्षक, शोधार्थी और विद्यार्थी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।



