

लखनऊ / महराजगंज / निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार में मत्स्य विभाग के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने बुधवार को महराजगंज के फरेंदा में आयोजित संवैधानिक सुरक्षा अधिकार महासम्मेलन एवं पदयात्रा के जरिए निषाद समाज के आरक्षण और राजनीतिक अधिकारों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि निषाद समाज को पांच किलो राशन नहीं, बल्कि लखनऊ और दिल्ली में शासन चाहिए। समाज अब अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो चुका है और अपने हक की आवाज बुलंद कर रहा है।
निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद पार्टी) के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. निषाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने फरेंदा स्थित निरीक्षण भवन से पदयात्रा का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा निषाद समेत समस्त मछुआ समाज को संवैधानिक रूप से अनुसूचित जाति के आरक्षण में परिभाषित किए जाने की मांग को लेकर निकाली गई है।
डॉ. निषाद ने कहा कि निषाद पार्टी का गठन वर्ष 2016 में समाज को आरक्षण दिलाने और ताल, घाट, बालू सहित पुश्तैनी अधिकारों से वंचित किए जाने के मुद्दों को लेकर हुआ था। समाज की मांगों से भारतीय जनता पार्टी को अवगत कराया जा चुका है। इन मुद्दों पर निर्णय भाजपा को ही लेना है और अब गेंद भाजपा के पाले में है। उन्होंने कहा कि पार्टी लगातार समाज की आवाज सरकार तक पहुंचाने का काम कर रही है।
मुलायम सिंह यादव के प्रयासों का किया जिक्र –
डॉ. संजय निषाद ने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव को याद करते हुए कहा कि निषाद पार्टी उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त करती है। उनके अनुसार, मुलायम सिंह यादव ने मझवार में समस्त उपजातियों को अनुसूचित जाति आरक्षण दिया था और मछुआ समाज के 447 युवाओं को अनुसूचित जाति के तहत अधिकारी बनाने का काम किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती बसपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद इन अधिकारियों की भर्ती और आरक्षण के खिलाफ हाईकोर्ट का रुख किया था। डॉ. निषाद ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने अदालत में मजबूती से पैरवी कर उस आदेश को बहाल रखने का प्रयास किया था।

फरेंदा और नौतनवा सीट पर चुनाव लड़ने की तैयारी –
महराजगंज की राजनीति को लेकर डॉ. निषाद ने कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में निषाद पार्टी ने नौतनवा सीट पर अपना विधायक बनाया था। अब पार्टी आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में जिले की दो सीटों—फरेंदा और नौतनवा—पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।
उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का जिक्र करते हुए कहा कि महराजगंज की जनता ने हमेशा उन्हें अपना समर्थन और आशीर्वाद दिया है। आज वह प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष हैं। ऐसे में निषाद समाज की आरक्षण संबंधी मांगों को उनके सामने रखा जा रहा है। उन्होंने पंकज चौधरी से केंद्र और प्रदेश सरकार के स्तर पर इस मुद्दे का जल्द समाधान कराने की बात कही।

अखिलेश यादव के गोरखपुर दौरे पर भी साधा निशाना –
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के गोरखपुर और चौरी-चौरा दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. निषाद ने कहा कि वर्ष 2018 के लोकसभा उपचुनाव में प्रवीण निषाद की जीत के बाद गोरखपुर में समाजवादी पार्टी को नई ऊर्जा और पहचान मिली थी। उन्होंने अखिलेश यादव का चौरी-चौरा में स्वागत करते हुए वहां हुए विकास कार्यों को देखने की बात कही।
उन्होंने सपा की चुनावी रणनीति पर भी सवाल उठाए। कहा कि जहां समाजवादी पार्टी को अपना प्रत्याशी नहीं मिल रहा है, वहां दूसरे दलों के बागियों को उम्मीदवार बनाया जा रहा है। उन्होंने अखिलेश यादव को वर्ष 2024 के राज्यसभा चुनाव में सपा विधायकों की बगावत का जिक्र करते हुए भविष्य में इसके राजनीतिक परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी।
श्रवण निषाद को लेकर किया जीत का दावा –
डॉ. संजय निषाद ने घोषणा करते हुए कहा कि श्रवण वर्ष 2022 में विधायक बने थे और 2027 में गोरखपुर से विधायक बनने जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्हें कोई रोक नहीं सकता।
कार्यक्रम के दौरान फरेंदा के स्थानीय लोगों ने जगह-जगह फूल-मालाओं से डॉ. संजय निषाद का स्वागत किया। लोगों ने उन्हें अपना आशीर्वाद दिया और निषाद पार्टी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



