
प्रयागराज:- भगवान शालिग्राम और माता तुलसी के विवाहोत्सव को लेकर शहर के शाहगंज स्थित श्री आनंद बिहारी विराजमान राधा-कृष्ण मंदिर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। चार दिवसीय धार्मिक आयोजन की शुरुआत 18 नवंबर को भगवान शालिग्राम के तिलकोत्सव से होगी। मंदिर परिसर में रात आठ बजे 11 ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से तिलक समारोह संपन्न कराया जाएगा। अनुष्ठान मंदिर के पुजारी पंडित दिगंबर प्रसाद त्रिपाठी के आचार्यत्व में होगा।

इस अवसर पर शहर के सैकड़ों श्रद्धालु शामिल होकर भगवान शालिग्राम को तिलक लगाएंगे तथा पत्र, पुष्प, फल और आंवला आदि भेंट करेंगे। आयोजन में गौरी शंकर वर्मा, भारत कनौजिया, दिनेश साहू, अमर वैश्य, मुन्ना भैया, प्रमोद बंसल, ओम प्रकाश चौरसिया, शेखर अस्थाना, महेश साहू सहित बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहेंगे।
19 नवंबर को दोपहर एक बजे मंदिर परिसर में भगवान शालिग्राम और माता तुलसी का विवाह संबंधी पूजन कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके बाद 20 नवंबर को शाम चार बजे मंदिर परिसर से विवाह शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर पहुंचेगी। रात आठ बजे विवाहोत्सव और संस्कार संबंधी धार्मिक कार्यक्रम होंगे। इस दौरान विकास एंड कंपनी की ओर से भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया जाएगा।
आयोजन के अंतिम दिन 21 नवंबर को सुबह आठ बजे भगवान शालिग्राम की खिचड़ी की रस्म अदा की जाएगी। इसके बाद सुबह 11 बजे तक माता तुलसी की विदाई की जाएगी। शाम पांच बजे से मंदिर परिसर में प्रीतिभोज, प्रसाद वितरण और भंडारे का आयोजन होगा।
कार्यक्रम के मुख्य आयोजक एवं संयोजक मंदिर के पुजारी पंडित दिगंबर प्रसाद त्रिपाठी हैं। इसकी जानकारी मंदिर के सहायक पुजारी पंडित आनंद बिहारी त्रिपाठी ने दी।



