वाराणसीपूर्वांचल

सूरत डाक परिक्षेत्र की पहली समीक्षा बैठक, अक्टूबर तक 87 करोड़ का राजस्व अर्जित – 

गत वर्ष की तुलना में 25 फीसदी की वृद्धि, पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध लक्ष्य पूरे करने के निर्देश -

 

 

 

वाराणसी /सूरत :- सूरत भारतीय डाक विभाग ने अपनी सेवाओं को आधुनिक तकनीक और डिजिटल नवाचारों से जोड़ते हुए कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं। इसी क्रम में गुजरात सर्किल के नवगठित सूरत डाक परिक्षेत्र की पहली समीक्षा बैठक 17 नवंबर को सर्किट हाउस में पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में डाक विभाग की विभिन्न सेवाओं, राजस्व अर्जन और आगामी लक्ष्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान सामने आया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सूरत डाक परिक्षेत्र को 187.42 करोड़ रुपये का राजस्व लक्ष्य आवंटित किया गया है। इसके सापेक्ष अक्टूबर तक लगभग 87 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया जा चुका है, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 25 फीसदी अधिक है। पोस्टमास्टर जनरल ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति और व्यावसायिक गतिविधियों में वृद्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

       

इससे पहले कृष्ण कुमार यादव ने सूरत प्रधान डाकघर परिसर में नवसृजित रीजनल ऑफिस का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एक नवंबर 2026 से गठित सूरत डाक परिक्षेत्र में गुजरात के सूरत, भरूच, नर्मदा, डांग, नवसारी, तापी और वलसाड सहित सात जिले तथा केंद्रशासित प्रदेश दमन एवं दादरा नगर हवेली शामिल हैं। इस परिक्षेत्र में छह डाक मंडल, छह प्रधान डाकघर, 238 उप डाकघर और 1561 शाखा डाकघर हैं। इस प्रकार कुल 1805 डाकघरों के माध्यम से सेवाएं संचालित की जा रही हैं। सूरत में डाक सेवाओं के विस्तार को देखते हुए इसे पूर्व और पश्चिम दो मंडलों में विभाजित किया गया है।

बैठक में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय डाक, पार्सल, बचत बैंक, डाक जीवन बीमा, ग्रामीण डाक जीवन बीमा, आधार, पासपोर्ट, फिलाटेली और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक सहित विभिन्न सेवाओं की श्रेणीवार समीक्षा की गई। यादव ने डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने, आधार सेवाओं का विस्तार करने और डाकियों के माध्यम से मोबाइल डिलीवरी ऐप का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही स्पीड पोस्ट और पार्सल के त्वरित वितरण, शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण और सेवाओं की बेहतर मार्केटिंग के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और डिजिटल पहल के माध्यम से डाक विभाग की सेवाएं अधिक सुलभ, पारदर्शी और सुविधाजनक बन रही हैं। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों तक इन सेवाओं का लाभ पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। सूरत क्षेत्र में व्यापारिक संभावनाओं को देखते हुए स्थानीय उद्यमियों और व्यापारियों को इंटरनेशनल बिजनेस सेंटर तथा डाकघर निर्यात केंद्र के माध्यम से अपने उत्पादों का अंतरराष्ट्रीय बाजार तक निर्यात करने के लिए प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में सूरत पश्चिम के प्रवर डाक अधीक्षक यश कुमार जैन, सूरत पूर्व के डाक अधीक्षक आईएन ख्रिष्टि, वलसाड के जेआर वशी, भरूच के बीवाई तहसीलदार, नवसारी के एसआर मिस्त्री, सहायक निदेशक एसवी परमार, सीआर पटेल, दिनेश मोरे और मयूर चौधरी सहित विभिन्न मंडलों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

You cannot copy content of this page