वाराणसीपूर्वांचल

मेवों की मालाओं से सजे बाबा विश्वनाथ, ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठी विश्वनाथ गली –

अन्नकूट पर निकली बाबा की चल रजत प्रतिमा की भव्य शोभायात्रा, पीएसी बैंड ने 'ओम नमः शिवाय' और 'श्री राम जानकी बैठे हैं मेरे सीने में' की धुन से बांधा समां -

 

 

वाराणसी :-  अन्नकूट पर्व पर काशी में बाबा विश्वनाथ की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। टेढ़ीनीम स्थित श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के महंत आवास से मेवों की मालाओं से सजी बाबा की चल रजत प्रतिमा जब निकली तो पूरा विश्वनाथ क्षेत्र हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। मृदंगम की थाप और 36वीं वाहिनी पीएसी के बैंड की भक्तिमय धुनों के बीच निकली शोभायात्रा ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

अन्नकूट के अवसर पर बाबा का विशेष श्रृंगार किया गया। काजू, किशमिश, बादाम, लौंग और इलायची की मालाओं से सजी रजत प्रतिमा का दिव्य स्वरूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। पं. सुशील त्रिपाठी के आचार्यत्व में संजीव रत्न मिश्र भानु ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन और आरती संपन्न कराई।

शोभायात्रा से पहले महंत आवास पर रामनगर से आई 36वीं वाहिनी पीएसी के बैंड ने ‘ओम नमः शिवाय’ की धुन बजाकर माहौल शिवमय कर दिया। इसके बाद ‘श्री राम जानकी बैठे हैं मेरे सीने में’ की प्रस्तुति ने रामभक्ति का रंग घोल दिया। विनोद कुमार सिंह के नेतृत्व में बैंड की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

बैंड की धुन और मृदंगम की थाप के साथ बाबा की सवारी विश्वनाथ गली पहुंची तो अद्भुत दृश्य देखने को मिला। दुकानदारों से लेकर राहगीरों और खरीदारी कर रहे श्रद्धालुओं तक, जो जहां था वहीं ठहर गया। लोगों ने हाथ जोड़कर बाबा को नमन किया और हर-हर महादेव के जयघोष से गलियों को गुंजायमान कर दिया।

शोभायात्रा मंदिर चौक पहुंची, जहां परंपरागत विधि-विधान के साथ बाबा की चल रजत प्रतिमा को श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के गर्भगृह में विराजमान कराया गया। इसके बाद संजीव रत्न मिश्र भानु ने बाबा की आरती उतारी और पूजन-अर्चन की परंपरा पूरी की।

महंत परिवार में वंशवृद्धि के कारण इस वर्ष अन्नकूट पूजन की पारंपरिक जिम्मेदारी संजीव रत्न मिश्र भानु ने निभाई। शोभायात्रा में मनोज शर्मा बाबा का दंड, ऋषि झिंगरन चंवर और पुनित जेतली पागल बाबा छत्र लेकर चल रहे थे।

अन्नकूट पर निकली यह शोभायात्रा काशी की सदियों पुरानी धार्मिक परंपरा और बाबा विश्वनाथ के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का प्रतीक बनी। मेवों से सजे बाबा के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु निहाल हो उठे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

You cannot copy content of this page