वाराणसीपूर्वांचल
Trending

काशी विद्यापीठ में रूसी भाषा कार्यक्रम का सातवां दिन, साहित्य और आधुनिक शिक्षण पद्धति पर हुआ गहन अभ्यास –

 

 

 

 

वाराणसी:-   महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में रूसी भाषा एवं संस्कृति आधारित शैक्षणिक कार्यक्रम के सातवें दिन विद्यार्थियों को रूसी साहित्य, व्याकरण, उच्चारण और आधुनिक भाषा शिक्षण पद्धतियों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का आयोजन अंग्रेजी एवं अन्य विदेशी भाषा विभाग तथा रूस के कोज्मा मीनिन स्टेट पेडागॉजिकल यूनिवर्सिटी के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

प्रोफेसर नतालिया ने एडवांस डिप्लोमा और डिप्लोमा के विद्यार्थियों को रूसी कवि अफनासी फेत की कविता “मैं एक संदेश लेकर आया हूँ…” के माध्यम से रूसी भाषा के भाव और साहित्यिक सौंदर्य से परिचित कराया। विद्यार्थियों से कविता का बार-बार वाचन कराकर उच्चारण में सुधार कराया गया और संज्ञा, विशेषण तथा क्रिया पदों की पहचान का अभ्यास कराया गया।

 

सत्र के दौरान संज्ञा एवं विशेषण के अंतर्संबंध, लिंग, वचन, सजीव-निर्जीव श्रेणी, व्यक्तिवाचक एवं जातिवाचक संज्ञाओं तथा विभक्तियों के प्रयोग को व्यावहारिक उदाहरणों के जरिए समझाया गया। इसके साथ ही अलेक्जेंडर पुश्किन की प्रसिद्ध रचना “रात, सड़क, स्ट्रीट-लाइट, दवाखाना” का भी अभ्यास कराया गया।

प्रोफेसर नतालिया ने विद्यार्थियों को रूस के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा के अवसरों की जानकारी देते हुए प्रवेश प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और विभिन्न भाषा पाठ्यक्रमों के बारे में भी बताया।

वहीं, डॉ. दारिया ने शुरुआती स्तर के विद्यार्थियों के लिए शब्दावली और उच्चारण पर विशेष सत्र लिया। दैनिक जीवन में इस्तेमाल होने वाली वस्तुओं और खाद्य पदार्थों के रूसी नामों का उच्चारण एवं लेखन सिखाया गया। विद्यार्थियों को भाषा समझाने के लिए शैक्षणिक एनीमेशन और कार्टून का भी इस्तेमाल किया गया।

डॉ. दारिया ने विद्यार्थियों को रूसी भाषा में तेजी से दक्षता हासिल करने के लिए व्याकरण के साथ रूसी फिल्मों, संगीत, साहित्य और नियमित लेखन को सीखने की प्रक्रिया में शामिल करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विदेशी भाषा पर बेहतर पकड़ के लिए धीरे-धीरे विचारों को भी उसी भाषा में ढालने का प्रयास करना चाहिए।

कार्यक्रम का सातवां दिन रूसी भाषा, साहित्य और संस्कृति की समझ विकसित करने के साथ विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा के नए अवसरों की जानकारी देने वाला रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

You cannot copy content of this page