
लखनऊ :- विश्व हृदय दिवस के अवसर पर लखनऊ विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्यूटिकल साइंसेज द्वारा रीजेंसी हॉस्पिटल के सहयोग से 29 सितंबर 2026 को हृदय स्वास्थ्य एवं हृदय रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के धन्वंतरि सभागार में दोपहर 2:00 बजे से 3:00 बजे तक किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति एवं मुख्य संरक्षक प्रो. जय प्रकाश सैनी के संरक्षण में किया गया। इस अवसर पर प्रो. पुष्पेंद्र कुमार त्रिपाठी, निदेशक, इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्यूटिकल साइंसेज का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम में रीजेंसी हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को हृदय स्वास्थ्य, हृदय रोगों के जोखिम कारकों, उनकी रोकथाम तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।
डॉ. आकांक्षा गुप्ता, परामर्शदाता चिकित्सक एवं मधुमेह रोग विशेषज्ञ, रीजेंसी हॉस्पिटल ने अपने व्याख्यान में मधुमेह एवं हृदय रोगों के पारस्परिक संबंध, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम तथा जीवनशैली में सकारात्मक बदलावों की भूमिका पर प्रकाश डाला।
वहीं, डॉ. हर्षित गुप्ता, वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ एवं इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट, रीजेंसी हॉस्पिटल ने हृदय रोगों के प्रारंभिक लक्षणों की पहचान, समय पर चिकित्सकीय परामर्श, आधुनिक उपचार पद्धतियों तथा हृदयाघात से बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा की।
विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से संवाद कर हृदय रोगों से संबंधित अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।
कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. प्रणति श्रीवास्तव एवं डॉ. किरण सिंह द्वारा किया गया। छात्र समन्वयकों के रूप में अंशी सिंह एवं यशस्वी सिंह ने सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का समापन हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, निवारक स्वास्थ्य देखभाल तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। यह आयोजन विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।



