
वाराणसी:- गोमती जोन में अवैध स्पा सेंटरों का संचालन जारी है। ताज़ा मामला राजातालाब थाना क्षेत्र के कचनार स्थित पशु अस्पताल के समीप चल रहे एक स्पा सेंटर का है.
मौके से पुलिस को कई आपत्तिजनक सामान भी मिले हैं। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। छापेमारी के दौरान स्पा मालिक फरार हो गया। घटना राजातलाब थाना के कचनार इलाके में पशु अस्पताल के पास की है।
स्थानीय लोगों ने बताया- दो महीने से यहां लड़के-लड़कियों का आना-जाना बढ़ गया था। यहां किसी भी तरह का कोई बोर्ड भी नहीं लगाया गया था। इससे यह क्लियर नहीं था कि यहां क्या होता है। Aura Heven स्पा सेंटर के नाम से इसका रजिस्ट्रेशन है। लोगों ने पुलिस से शिकायत की,सूचना मिलने के बाद सीपी संवाद नंबर पर शिकायत दर्ज की गई, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को पूरी जानकारी दी गई। उसी आधार पर SOG द्वितीय (SOG-II) की टीम ने रविवार को स्पा सेंटर पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन महिला सेक्स वर्कर और दो ग्राहकों को हिरासत में ले लिया।
जिस दुकान में स्पा सेंटर चल रहा था, वो मनोज कुमार गुप्ता उर्फ मोहन की है। दुकान को उन्होंने जौनपुर के सिंगरामऊ के कवेली, पहेतियापुर निवासी अनिल कुमार को दो महीने पहले किराए पर दिया था। इसकी बाकायदा नोटरी पर डीड बनी थी। पुलिस ने यहां छापेमारी की तो चार छोटे-छोटे केबिन, आपत्तिजनक सामग्री, मोबाइल, रजिस्टर और नगदी भी बरामद की है। कार्रवाई के दौरान एसीपी राजातालाब भी मौके पर मौजूद रहे, जिन्होंने पूरे ऑपरेशन की निगरानी की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह स्पा सेंटर लंबे समय से अवैध तरीके से संचालित हो रहा था। पुलिस को संदेह है कि इसके नेटवर्क के अन्य लिंक भी हो सकते हैं, जिनकी जांच जारी है।
बता दें कि वाराणसी कमिश्नरेट के कई क्षेत्रों में पहले भी ऐसे सेक्स रैकेट और फर्जी स्पा सेंटरों का भंडाफोड़ हो चुका है, जिसके बाद पुलिस लगातार निगरानी बढ़ाने का दावा करती रही है। बावजूद इसके शहर में अवैध गतिविधियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा।
पुलिस की मानें तो स्पा सेंटर पर ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से बुकिंग की जाती थी। लड़कियां यहां स्पा में काम करती हैं। स्पा के लिए पहुंचे लड़कों को एक्स्ट्रा पैसा देने के बाद सर्विस दी जाती थी। फिलहाल अभी किसी का नाम और प्रोफाइल पुलिस ने उजागर नहीं किया है।
पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है और स्पा सेंटर संचालित करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
घटनास्थल से 100 मीटर की दूरी पर पुलिस चौकी है और दो महीने से यह कृत्य चल रहा था इसका पता क्यों नहीं हो पाया इसकी भी जांच की जा रही है ?



