
लखनऊ :- लखनऊ में मेट्रो यात्रियों का सफर अब और भी स्मार्ट होगा। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने आज, मंगलवार (21 जुलाई 2026) को नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) सेवा की शुरुआत कर दी। एक देश एक कार्ड की संकल्पना पर आधारित यह सुविधा यात्रियों के लिए उपलब्ध हो गयी है जिसे लखनऊ मेट्रो के स्टेशनों से प्राप्त किया जा सकता है। यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने इस सुविधा का शुभारंभ किया। NCMC कार्ड लॉन्च कार्यक्रम में एमडी यूपीएमआरसी के साथ मेट्रो के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा, “ कानपुर और आगरा के बाद अब लखनऊ मेट्रो में भी NCMC कार्ड लॉन्च किया गया है। इस कार्ड का मुख्य लाभ यह है कि यह एक इंटर-ऑपरेबल ट्रांसपोर्ट कार्ड है, अर्थात इस कार्ड का उपयोग देश की अन्य मेट्रो, बस, पार्किंग और रिटेल सेवाओं में भी किया जा सकता है, जहां NCMC को अपनाया जा चुका है। NCMC कार्ड के माध्यम से यात्री पूरे देश में आसानी से यात्रा कर सकते हैं। यह समय और ऊर्जा की बचत के साथ-साथ निर्बाध आवागमन का मार्ग भी प्रशस्त कर रहा है।”

लखनऊ मेट्रो के मौजूदा गो स्मार्ट कार्ड धारकों के लिए महत्वपूर्ण सूचना –
फिलहाल गो स्मार्ट कार्ड और NCMC कार्ड, दोनों के माध्यम से यात्रा की जा सकती है। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपने पुराने गो स्मार्ट कार्ड में उपलब्ध शेष राशि का उपयोग कर लें। UPMRC शीघ्र ही एक विशेष एक्सचेंज विंडो शुरू करेगा,जिसके माध्यम से यात्रियों को 30 दिनों के अंदर अपने गो स्मार्ट कार्ड को NCMC कार्ड में बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के बदलवा सकेंगे।
नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) के फायदे: –
• अपने डेबिट/क्रेडिट कार्ड को स्मार्ट कार्ड की तरह करें प्रयोग, यात्रा के लिए लाइन में लगने की आवश्यकता नहीं.
• 23 बैंकों या अन्य मेट्रो द्वारा जारी NCMC पर अलग से टिकट लेने की आवश्यकता नहीं
• NCMC स्वीकार करने वाली मेट्रो, बसों, पार्किंग, रीटेल सेवाओं में भी कर सकेंगे प्रयोग
• लखनऊ मेट्रो में हर यात्रा पर 10% की छूट

NCMC कार्ड की उपलब्धता: –
• सभी स्टेशनों के एयरटेल पेमेंट्स बैंक काउंटर/कियोस्क पर उपलब्ध
• कार्ड जारी करने का शुल्क: 100 रुपए (रिफंडेबल नहीं)
• मोबाइल फोन पर OTP से कार्ड हो सकेगा जारी
• विभिन्न बैंकों द्वारा भी एनसीएमसी कार्ड जारी होता है।
NCMC Go Smart Card प्राप्त करने के लिए लखनऊ मेट्रो के स्टेशनों पर स्थित एयरटेल पेमेंट्स बैंक के कियोस्क पर संपर्क करें।
• नया कार्ड जारी करने का शुल्क मात्र ₹100 (रिफंडेबल नहीं)
• हर यात्रा पर 10% की छूट
• आसान रिचार्ज – NCMC कियोस्क, टिकट वेंडिंग मशीन (TVM), लखनऊ मेट्रो ऐप और एयरटेल ऐप पर डेबिट/क्रेडिट कार्ड तथा UPI के माध्यम से आसानी से रिचार्ज करें
• कोई KYC नहीं – OTP द्वारा तुरंत कार्ड प्राप्त करें



