✍️ कृष्णा उपाध्याय
लखनऊ:- हजरतगंज थाना क्षेत्र के नरही चौकी के अंतर्गत यूपीटेक चौराहे के आसपास सड़कें अब आम राहगीरों के बजाय अवैध पार्किंग और दुकानों के विस्तार का केंद्र बनती जा रही हैं।
हालात यह हैं कि सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है।
गाड़ियों की अव्यवस्थित पार्किंग और दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण के चलते यातायात प्रभावित हो रहा है, जिससे आम जनता को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे हैरानी की बात यह है कि यह सब कुछ नरही चौकी से चंद कदमों की दूरी पर हो रहा है।
ऐसे में सवाल उठता है कि जब शहर के सबसे प्रमुख और संवेदनशील इलाके में ही नियमों की अनदेखी हो रही है, तो बाकी क्षेत्रों की स्थिति कैसी होगी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित विभागों की लापरवाही के चलते अतिक्रमण लगातार बढ़ रहा है।
हालांकि, इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।
अब देखना होगा कि लखनऊ नगर निगम और पुलिस प्रशासन इस समस्या को लेकर कब तक सख्त कदम उठाते हैं, या फिर अतिक्रमण का यह सिलसिला यूं ही जारी रहेगा ?



