सुप्रीम कोर्ट में बोली योगी सरकार,अतीक हत्याकांड में पुलिस की कोई गलती नहीं थी, ना ही विकास दुबे केस में –

लखनऊ :– योगी सरकार ने शनिवार को गैंगस्टर से राजनेता बने अतीक अहमद और उसका भाई पूर्व विधायक माफिया अशरफ की पुलिस अभिरक्षा में हुई हत्या में पुलिस की कोई गलती नहीं बताई है।यहां विकास दुबे एनकांउटर का भी जिक्र किया।
अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की पुलिस अभिरक्षा में हुई हत्या के मामले में योगी सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट दाखिल की है।सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक शीर्ष अदालत को न्यायिक आयोग की अभी जांच जारी होने की जानकारी दी गयी है।इस मामले में अगली सुनवाई तीन अक्टूबर को होगी।
सुप्रीम कोर्ट में योगी सरकार की ओर से दाखिल हलफनामे में बताया गया है कि 15 अप्रैल 2023 को प्रयागराज के अस्पताल में अतीक और अशरफ की हत्या करने वाले तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद उनके खिलाफ अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया जा चुका है। इस प्रकरण की जांच अभी न्यायिक आयोग और पुलिस द्वारा की जा रही है।
न्यायिक जांच आयोग की रिपोर्ट शासन के साथ सुप्रीम कोर्ट के सामने प्रस्तुत की जाएगी। वहीं बीते छह वर्षों के दौरान हुए एनकाउंटर पर दिए गये जवाब में बताया गया कि किसी भी प्रकरण में पुलिस की कोई गलती सामने नहीं आई है। इसमें कानपुर में बिकरू कांड को अंजाम देने वाले अपराधी विकास दुबे समेत कई मामलों का उदाहरण भी दिया गया है।सुप्रीम कोर्ट में माफिया अतीक अहमद और उसका भाई माफिया अशरफ की हत्या के बाद उत्तर प्रदेश में छह वर्षों के दौरान हुए 183 एनकाउंटर पर सवाल उठाते हुए याचिका दाखिल की गयी थी।
बताते चलें कि माफिया अतीक अहमद और उसका भाई पूर्व विधायक माफिया अशरफ की 15 अप्रैल 2023 की रात प्रयागराज में करीब साढ़े 10 बजे पत्रकार बनकर आए तीन हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी गई थी।वारदात को उस दौरान अंजाम दिया गया, जब दोनों को पुलिस मेडिकल के लिए कॉल्विन अस्पताल ले जा रही थी।वारदात के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत तीनों हमलावरों को पकड़ लिया था।



