वाराणसी

भारतीय डाक विभाग की बड़ी पहल: 4 से 6 दिन में विदेश पहुंचेंगे पार्सल, जल्द शुरू होगी ‘इंडिया पोस्ट ग्लोबल एक्सप्रेस’ सेवा –

अहमदाबाद में राज्य स्तरीय निर्यातक सम्मेलन आयोजित, गुजरात में अंतरराष्ट्रीय डाक एवं पार्सल सेवाओं में 70 प्रतिशत की वृद्धि-

 

 

वाराणसी :-  अहमदाबाद। भारतीय डाक विभाग अंतरराष्ट्रीय डाक एवं लॉजिस्टिक्स सेवाओं के विस्तार और भारतीय उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने के लिए नई पहल कर रहा है। इसी क्रम में गुजरात के अहमदाबाद में राज्य स्तरीय ‘निर्यातक सम्मेलन’ (एक्सपोर्टर मीट) का आयोजन किया गया। सम्मेलन में निर्यातकों, व्यापारिक संगठनों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान विभाग की प्रस्तावित नई अंतरराष्ट्रीय सेवा ‘इंडिया पोस्ट ग्लोबल एक्सप्रेस’ की जानकारी दी गई, जिसके माध्यम से अंतरराष्ट्रीय दस्तावेजों और पार्सलों को मात्र 4 से 6 दिनों में पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

पोस्टमास्टर जनरल (लॉजिस्टिक्स) के तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन में अहमदाबाद, गांधीनगर, सूरत, वडोदरा, राजकोट और भावनगर सहित गुजरात के विभिन्न शहरों के प्रमुख निर्यातक एवं व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए। डाक निदेशालय, नई दिल्ली से आए सहायक महानिदेशक हिमांशु चौधरी ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय मेल एवं पार्सल सेवाओं, परिचालन व्यवस्था, सेवा वितरण में सुधार, विपणन रणनीतियों और नए व्यावसायिक अवसरों की जानकारी दी।

छोटे शहरों और गांवों के उद्यमियों को मिलेगा वैश्विक बाजार का अवसर –

इस अवसर पर गुजरात परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल गणेश वी. सावळेश्वरकर ने कहा कि निर्यातक सम्मेलन केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि निर्यातकों, उद्यमियों और भारतीय डाक विभाग के बीच संवाद एवं सहयोग को मजबूत करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने बताया कि वाणिज्यिक निर्यात को बढ़ावा देने के लिए गुजरात में 57 डाकघर निर्यात केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनके माध्यम से छोटे शहरों और गांवों में रहने वाले उद्यमी भी अपने उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि गुजरात के ग्रामीण क्षेत्रों के शाखा डाकघरों के माध्यम से चालू वर्ष में 5,000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय पार्सल बुक किए जा चुके हैं। इससे स्थानीय उत्पादों, ग्रामीण उद्यमियों और छोटे कारोबारियों को वैश्विक बाजार से जोड़ने में मदद मिल रही है। यह पहल ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान को भी प्रोत्साहित कर रही है।

गुजरात में अंतरराष्ट्रीय डाक सेवाओं में 70 प्रतिशत की वृद्धि –

गुजरात परिमंडल के पोस्टमास्टर जनरल (लॉजिस्टिक्स) कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि गुजरात देश की जीडीपी में लगभग 8.5 प्रतिशत और कुल निर्यात में करीब 25 प्रतिशत योगदान देता है। पेट्रोकेमिकल्स, फार्मास्यूटिकल्स, टेक्सटाइल्स, जेम्स एंड ज्वेलरी, इंजीनियरिंग, सिरेमिक, डेयरी और ग्रीन एनर्जी जैसे क्षेत्रों में राज्य की मजबूत पहचान है।

उन्होंने बताया कि गुजरात परिमंडल ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 में अंतरराष्ट्रीय डाक एवं पार्सल सेवाओं में पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 70 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। उन्होंने कहा कि ‘इंडिया पोस्ट ग्लोबल एक्सप्रेस’ सेवा एमएसएमई, स्टार्टअप्स, स्थानीय उद्यमियों, कारीगरों और ई-कॉमर्स निर्यातकों के लिए वैश्विक बाजार तक पहुंच आसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

चार मौजूदा सेवाओं के साथ नई एक्सप्रेस सेवा की तैयारी –

सहायक महानिदेशक हिमांशु चौधरी ने बताया कि भारतीय डाक विभाग वर्तमान में चार प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मेल सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। इनमें 2 किलोग्राम तक के दस्तावेजों के लिए अंतरराष्ट्रीय रजिस्टर्ड लेटर, 2 से 5 किलोग्राम तक के ई-कॉमर्स पार्सल के लिए अंतरराष्ट्रीय ट्रैक्ड पैकेट सेवा, 20 किलोग्राम तक के पार्सल के लिए अंतरराष्ट्रीय पार्सल सेवा और 30 किलोग्राम तक के दस्तावेजों एवं पार्सलों के लिए एक्सप्रेस मेल सेवा (ईएमएस) शामिल है।

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित ‘इंडिया पोस्ट ग्लोबल एक्सप्रेस’ सेवा के तहत अंतरराष्ट्रीय दस्तावेजों एवं पार्सलों की डिलीवरी 4 से 6 दिनों में करने का लक्ष्य है। इससे भारतीय निर्यातकों को तेज और बेहतर लॉजिस्टिक्स सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

निर्यात को बढ़ावा देने के लिए उद्योग जगत ने की पहल की सराहना –

सम्मेलन में संयुक्त महानिदेशक विदेश व्यापार डॉ. राहुल सिंह ने केंद्र सरकार की निर्यात प्रोत्साहन संबंधी पहलों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारतीय डाक विभाग का व्यापक नेटवर्क छोटे उद्यमियों और ई-कॉमर्स कारोबारियों को विदेशों में अपने उत्पाद पहुंचाने का अवसर प्रदान करता है।

गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के उपाध्यक्ष हितेन वसंत ने कहा कि डाक विभाग की अंतरराष्ट्रीय सेवाएं स्थानीय व्यापारियों, एमएसएमई और स्टार्टअप्स के लिए वैश्विक बाजार में नए अवसर खोल रही हैं। उन्होंने उद्योग जगत और डाक विभाग के बीच सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया।

फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशन्स के जयप्रकाश गोयल ने कहा कि छोटे और मध्यम उद्यमों के लिए प्रतिस्पर्धी दरों पर विश्वसनीय अंतरराष्ट्रीय शिपिंग सुविधाएं उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। वहीं, अहमदाबाद कस्टम्स ब्रोकर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. दर्शन मशरू ने निर्यात को बढ़ावा देने के लिए सरल कस्टम्स प्रक्रिया और सुगम लॉजिस्टिक्स व्यवस्था को जरूरी बताया।

कार्यक्रम में राजकोट के पोस्टमास्टर जनरल पवन कुमार डालमिया, निदेशक डाक सेवाएं अनुब्रता दास, सहायक महानिदेशक हिमांशु चौधरी, डॉ. राहुल सिंह सहित डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि, निर्यातक और विभिन्न कॉरपोरेट संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

नई सेवा से छोटे कारोबारियों को मिलेगा फायदा – 

भारतीय डाक विभाग की इस पहल का मुख्य उद्देश्य बड़े निर्यातकों के साथ-साथ छोटे कारोबारियों, ग्रामीण उद्यमियों और स्थानीय उत्पाद निर्माताओं को भी अंतरराष्ट्रीय व्यापार से जोड़ना है। प्रस्तावित ग्लोबल एक्सप्रेस सेवा शुरू होने के बाद भारतीय उत्पादों की विदेशों तक डिलीवरी के लिए एक अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होगा। इससे निर्यात कारोबार को गति मिलने और स्थानीय उद्यमियों के लिए नए बाजार खुलने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

You cannot copy content of this page