वित्त मंत्री के साथ बजट-पूर्व बैठक : सीटू ने की आर्थिक नीतियों में बुनियादी बदलाव की मांग



अनुवाद : संजय पराते
सीटू महासचिव एलमारम करीम ने 20 नवंबर, 2026 को वित्त मंत्री द्वारा आहूत ट्रेड यूनियनों की बजट-पूर्व बैठक में निम्नलिखित वक्तव्य दिया :
आदरणीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी,
भारतीय ट्रेड यूनियन केंद्र (सीटू) की ओर से, इस बजट-पूर्व परामर्श में हमें आमंत्रित करने के लिए मैं आपका धन्यवाद अदा करता हूँ।
शुरुआत में ही, मैं आश्चर्य और गंभीर चिंता के साथ आपका ध्यान इस तथ्य की ओर आकर्षित करना चाहता हूं कि वित्त मंत्री के रूप में आपके कार्यकाल के दौरान हुई पिछली बजट-पूर्व बैठकों के विपरीत, इस बैठक में मेहनतकश लोगों के बड़े तबकों का प्रतिनिधित्व करने वाले कुछ प्रमुख मान्यता प्राप्त केंद्रीय ट्रेड यूनियन संगठनों को आमंत्रित नहीं किया गया है। यह भेदभावपूर्ण और चयनात्मक दृष्टिकोण बजट-पूर्व परामर्श की मूल भावना के बिल्कुल विपरीत है। हम सरकार के इस भेदभावपूर्ण रवैये का कड़ा विरोध करते हैं।
अब, मैं अपनी बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फिक्की की बैठक में की गई हालिया टिप्पणियों से शुरू करना चाहता हूँ, जहाँ उन्होंने स्वयं स्वीकार किया कि कॉरपोरेटों को दी गई भारी कर रियायतें और प्रोत्साहन निवेश, रोजगार सृजन या वेतन में आनुपातिक वृद्धि में तब्दील नहीं हुए हैं। यह वास्तविकता को उजागर करता है और भारत की आर्थिक नीति की प्राथमिकताओं में एक बुनियादी बदलाव की आवश्यकता को पुष्ट करता है। मुख्य चुनौती केवल निवेश आकर्षित करना और उत्पादन बढ़ाना नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक विकास टिकाऊ हो और हमारे देश की अधिकांश आबादी के लिए सम्मानजनक रोजगार, उच्च वेतन, बेहतर क्रय शक्ति और सामाजिक सुरक्षा में तब्दील हो।
वर्षों से सरकार आपूर्ति-पक्ष की आर्थिक नीतियों पर चल रही है, जिसके तहत कॉरपोरेटों को इस उम्मीद में लगातार कर रियायतें, सब्सिडी और प्रोत्साहन दिए जा रहे हैं कि इससे निवेश, रोजगार और उच्च आय पैदा होगी। बहरहाल, हमारा अनुभव बताता है कि कॉरपोरेट मुनाफा अपने आप मज़दूरों के कल्याण में नहीं बदलता। आर्थिक सर्वेक्षण 2024-25 स्वयं इस अंतर्विरोध को उजागर करता है। वित्त वर्ष 2024 में कॉरपोरेट मुनाफा जीडीपी के 4.8 प्रतिशत के साथ पिछले 15 साल के उच्चतम स्तर पर पहुँच गया और इसमें 22.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि रोजगार में केवल 1.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई, और सूचीबद्ध कंपनियों का कर्मचारी व्यय पिछले वर्ष के 17 प्रतिशत के मुकाबले केवल 13 प्रतिशत ही बढ़ा। हाल ही में, नवंबर 2026 में 14 पीएलआई योजनाओं के नीति आयोग के आकलन से पता चला कि मार्च 2026 तक उन्होंने अपने निवेश लक्ष्य का 76 प्रतिशत और उत्पादन लक्ष्य का 64 प्रतिशत हासिल कर लिया था, लेकिन रोजगार लक्ष्य का केवल 28 प्रतिशत ही हासिल कर पाईं। लगभग 30.18 लाख नौकरियों के लक्ष्य के मुकाबले केवल 8.49 लाख रोजगार ही सृजित हुए हैं।
वर्तमान आर्थिक दृष्टिकोण की बुनियादी कमजोरी घरेलू मांग को पर्याप्त रूप से मजबूत करने में इसकी विफलता है। कोई भी अर्थव्यवस्था केवल वस्तुओं और सेवाओं की आपूर्ति बढ़ाकर विकास को टिकाऊ नहीं बना सकती, जबकि बहुसंख्यक आबादी की क्रय शक्ति अपर्याप्त, बल्कि बेहद कम हो। उच्च रिटर्न की तलाश में लगातार घूमती अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय पूंजी की बढ़ती गतिशीलता भी दीर्घकालिक उत्पादक और रोजगार-सृजन करने वाले निवेश को सुरक्षित करने के लिए वित्तीय प्रोत्साहनों पर निर्भर रहने की सीमाओं को उजागर करती है। हमें मेहनतकश लोगों की आय और क्रय शक्ति बढ़ाकर घरेलू बाजार को मजबूत करने की आवश्यकता है।
इस संदर्भ में, हम सरकार से 21 नवंबर 2025 को लागू की गई चार श्रम संहिताओं को निरस्त करने का आग्रह करते हैं। ये संहिताएं श्रम के लचीलेपन को बढ़ावा देती है और स्थापित सुरक्षा उपायों तथा सामूहिक सौदेबाजी के अधिकारों को कमजोर करती है और इसलिए ये संहिताएं वेतन और कामकाजी परिस्थितियों को और नीचे धकेलती है। ऐसे समय में जब अर्थव्यवस्था को मजबूत घरेलू मांग की आवश्यकता है, मजदूरों की सौदेबाजी की शक्ति को कमजोर करना आर्थिक रूप से प्रतिकूल होने के साथ-साथ सामाजिक रूप से भी अन्यायपूर्ण है। हम वास्तविक त्रिपक्षीय परामर्श के माध्यम से मौजूदा श्रम सुरक्षा उपायों की बहाली की मांग करते हैं।
वीबी-ग्राम-जी अधिनियम द्वारा मनरेगा को प्रतिस्थापित करने से अधिकार-आधारित ग्रामीण रोजगार गारंटी ढांचे में बुनियादी बदलाव आ गया है। 2026-27 के बजट में मनरेगा के मद में केवल 30,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जबकि पिछले वर्ष के संशोधित अनुमानों में यह 88,000 करोड़ रुपये था, और नए वीबी-ग्राम-जी ढांचे के तहत 95,692 करोड़ रुपये रखे गए हैं। हम प्रत्येक ग्रामीण परिवार के लिए न्यूनतम 200 दिनों के रोजगार की गारंटी, पर्याप्त बजटीय आबंटन और वैधानिक न्यूनतम मजदूरी के भुगतान के साथ मनरेगा को बहाल करने की मांग करते हैं। रोजगार गारंटी को शहरी क्षेत्रों तक भी विस्तारित किया जाना चाहिए, जिसमें बुनियादी ढांचे, जल संरक्षण और सार्वजनिक सेवाओं में सुधार सहित उत्पादक, सामाजिक रूप से उपयोगी और पर्यावरणीय रूप से टिकाऊ कार्यों को शामिल किया जाए।
हम सभी मज़दूरों के लिए, चाहे वे किसी भी क्षेत्र या रोजगार श्रेणी के हों, नियमित संशोधन और प्रभावी प्रवर्तन के साथ कम से कम 42,000 रुपये प्रति माह के राष्ट्रीय न्यूनतम वेतन की मांग करते हैं। समान काम के लिए समान वेतन सुनिश्चित किया जाना चाहिए और ठेकाकरण तथा आउटसोर्सिंग के माध्यम से होने वाला शोषण समाप्त होना चाहिए।
पीएलएफएस 2023-24 पर आधारित आर्थिक सर्वेक्षण 2024-25 में नियमित वेतनभोगी मज़दूरों के 20,702 रुपये के मुकाबले स्वरोजगार करने वाले मज़दूरों की औसत मासिक आय केवल 13,279 रुपये दर्ज की गई है। यह उन करोड़ों लोगों की अनिश्चित आर्थिक स्थिति को उजागर करता है, जो नियमित नौकरियों के अभाव में स्वरोजगार के लिए मजबूर हैं। हम स्वरोजगार, असंगठित और प्लेटफॉर्म मजदूरों सहित सभी मज़दूरों को कवर करने वाले एक व्यापक सामाजिक सुरक्षा ढांचे की मांग करते हैं, जिसमें स्वास्थ्य सेवा, मातृत्व लाभ, दुर्घटना बीमा और आय सुरक्षा शामिल हो। नियमित वेतनभोगी रोजगार से बाहर के लोगों के लिए एक उपयुक्त सार्वजनिक रूप से वित्तपोषित आय-सहायता तंत्र द्वारा 42,000 रुपये की न्यूनतम मासिक आय की गारंटी दी जानी चाहिए। साथ ही, सरकारी कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों पर कृपया ध्यान दें और सभी सेवाओं में पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) को बहाल करें। इस उद्देश्य के लिए पर्याप्त बजटीय प्रावधान किया जाना चाहिए।
बुजुर्गों, विशेष रूप से वे लोग, जिनके पास पर्याप्त पेंशन कवरेज नहीं है, के लिये मुद्रास्फीति और बढ़ती स्वास्थ्य देखभाल की लागत तेजी से अवहनीय होती जा रही है। 2026-27 में राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (एनएसएपी) के लिए आबंटन केवल 9,671 करोड़ रुपये है, जो लाखों लाभार्थियों को कवर करने के बावजूद कई वर्षों से लगभग स्थिर बना हुआ है। हम सभी बुजुर्ग व्यक्तियों के लिए, उनके रोजगार-इतिहास या किसी पेंशन योजना में उनके योगदान की अपेक्षा किए बिना, बजटीय आबंटन में पर्याप्त वृद्धि के साथ कम से कम 21,000 रुपये की सार्वभौमिक, गैर-अंशदायी मासिक पेंशन की मांग करते हैं।
सरकार को एक प्रमुख नियोक्ता के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। सरकारी विभागों, अर्ध-सरकारी प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों में सभी रिक्त पदों को तत्काल भरा जाना चाहिए। पात्र संविदा और अन्य गैर-नियमित मज़दूरों को नियमित करने के लिए एक समयबद्ध नीति बनाई जानी चाहिए। आउटसोर्सिंग और संविदा व्यवस्था के माध्यम से कार्यरत लोगों को नौकरी की सुरक्षा, समान काम के लिए समान वेतन और सेवा लाभ प्रदान किए जाने चाहिए, तथा उन्हें आगामी सार्वजनिक क्षेत्र के वेतन संशोधनों के अंतर्गत उचित रूप से शामिल किया जाना चाहिए।
मुक्त व्यापार समझौतों के उन प्रावधानों को रोकें, जो भारत की घरेलू उत्पादन क्षमता को कमजोर करते हैं और कृषि क्षेत्र को बढ़ती आयात प्रतिस्पर्धा के सामने असुरक्षित छोड़ देते हैं। न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के लिए कानूनी गारंटी सुनिश्चित करें, सार्वजनिक खरीद को मजबूत करें और एक मजबूत, सार्वभौमिक सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) की रक्षा करें।
निजी स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा पर बढ़ती निर्भरता आम परिवारों पर असहनीय बोझ डाल रही है। ये आवश्यक सेवाएं सार्वभौमिक रूप से सुलभ अधिकारों के बजाय तेजी से व्यापार की वस्तुएं बनती जा रही हैं। केंद्रीय बजट 2026-27 में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय को 1,06,530 करोड़ रुपये और शिक्षा मंत्रालय को 1,39,289 करोड़ रुपये आबंटित किए गए हैं। यद्यपि इन आबंटनों में वृद्धि हुई है, फिर भी सार्वभौमिक और गुणवत्तापूर्ण सार्वजनिक सेवाओं की आवश्यकताओं के मुकाबले ये बेहद अपर्याप्त हैं। हम केंद्र और राज्यों के संयुक्त व्यय के माध्यम से सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा के लिए जीडीपी के कम से कम 3 प्रतिशत और शिक्षा के लिए जीडीपी के 6 प्रतिशत के आबंटन के रोडमैप के साथ सार्वजनिक व्यय में पर्याप्त वृद्धि की मांग करते हैं। सरकारी अस्पतालों, प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा, सरकारी स्कूलों, उच्च शिक्षा, अनुसंधान संस्थानों और स्थायी शिक्षकों तथा स्वास्थ्य कर्मियों की भर्ती को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
उभरती प्रौद्योगिकियां, विशेष रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और ऑटोमेशन, मौजूदा असमानताओं को और गहरा करने की संभावना रखती हैं, जब तक कि रोजगार और आजीविका पर उनके प्रभाव का सावधानीपूर्वक प्रबंधन न किया जाए। हम मजदूरों को तकनीकी विस्थापन से बचाने के लिए एक व्यापक राष्ट्रीय नीति की मांग करते हैं, जिसमें बदलाव के दौरान सार्वजनिक रूप से वित्तपोषित पुर्नदक्षताकरण (रीस्किलिंग) और उच्च-दक्षताकरण (अपस्किलिंग), वेतन सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा शामिल हो। युवाओं को उभरती प्रौद्योगिकियों के लिए आवश्यक कौशल से लैस करने के लिए सार्वजनिक शिक्षा प्रणाली को मजबूत किया जाना चाहिए। तकनीकी शिक्षा और प्रशिक्षण तक पहुंच को पूरी तरह से बाजार के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता, क्योंकि इससे आर्थिक रूप से वंचित युवाओं का एक बड़ा तबका बाहर हो जाएगा। इस उद्देश्य के लिए पर्याप्त बजटीय आबंटन किया जाना चाहिए।
इन सभी हस्तक्षेपों के लिए पर्याप्त सार्वजनिक व्यय की आवश्यकता है। केंद्रीय बजट 2026-27 में कुल व्यय 53.47 लाख करोड़ रुपये अनुमानित है, जिसमें 12.22 लाख करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय शामिल है। बहरहाल, सरकार तेजी से अप्रत्यक्ष कराधान, पेट्रोलियम उत्पादों पर शुल्क, सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों से राजस्व दोहन, और विभिन्न नवीन तरीकों के माध्यम से पीएसयू (नवीनतम मामला आईडीबीआई बैंक) तथा अन्य सार्वजनिक संपत्तियों के मुद्रीकरण और निजीकरण पर निर्भर हो रही है। नीतिगत व्यवस्था में अमीरपरस्त पूर्वाग्रहों को दूर करने के लिए आर्थिक प्रबंधन में ऐसी विकृतियों को समाप्त किया जाना चाहिए। यह पूर्वाग्रह तब और भी स्पष्ट हो जाता है, जब सामाजिक सुरक्षा, वेतन, सार्वजनिक सेवाओं और कल्याणकारी योजनाओं पर व्यय में वास्तविक रूप से लगातार कटौती की जाती है, जिससे आम लोगों पर अनुपातहीन बोझ पड़ता है। इसलिए हमें कराधान नीति और सार्वजनिक संसाधन जुटाने में एक बुनियादी बदलाव की आवश्यकता है।
मुट्ठी भर लोगों के हाथों में संपत्ति का संकेंद्रण चिंताजनक अनुपात तक पहुँच गया है। वर्ल्ड इनइक्वलिटी लैब के अनुसार, भारत के सबसे अमीर 1 प्रतिशत लोगों के पास 2022-23 में देश की लगभग 40.1 प्रतिशत संपत्ति थी और उन्हें राष्ट्रीय आय का 22.6 प्रतिशत हिस्सा प्राप्त हुआ था। हम अति-अमीरों पर एक प्रभावी संपत्ति कर, संपत्ति के बड़े हस्तांतरण पर एक उपयुक्त विरासत या एस्टेट कर, और असाधारण कॉरपोरेट मुनाफे तथा भारी संपत्ति संचय पर उच्च प्रभावी कराधान लागू करने की मांग करते हैं। विरासत और एस्टेट कर आधुनिक अर्थव्यवस्थाओं के लिए नए नहीं हैं ; 24 ओईसीडी देश ऐसे कर लगाते हैं। भारत को भी एक प्रगतिशील कराधान प्रणाली की ओर बढ़ना चाहिए, जिसमें जिन लोगों ने भारी संपत्ति अर्जित की है और प्रचलित आर्थिक नीति व्यवस्था से सबसे अधिक लाभ उठाया है, उनसे राष्ट्रीय विकास में आनुपातिक रूप से अधिक योगदान कराया जाए।
आदरणीय वित्त मंत्री जी,
बुनियादी सवाल यह है कि हम किस तरह का आर्थिक विकास कर रहे हैं और किसके लिए कर रहे हैं। किसी अर्थव्यवस्था को केवल इसलिए मजबूत नहीं माना जा सकता, क्योंकि जीडीपी बढ़ रही है, शेयर बाजार चढ़ रहे हैं या कॉरपोरेट मुनाफा बढ़ रहा है। इसकी वास्तविक ताकत को रोजगार की गुणवत्ता, वेतन, जीवन स्तर और अपने लोगों को दी जाने वाली सामाजिक सुरक्षा से मापा जाना चाहिए। हम वेतन को दबाकर एक मजबूत घरेलू बाजार नहीं बना सकते, मजदूरों के अधिकारों को कमजोर करके टिकाऊ औद्योगिक विकास हासिल नहीं कर सकते, या लाखों युवाओं को सम्मानजनक रोजगार से वंचित रखकर अपने जनसांख्यिकीय लाभांश को साकार नहीं कर सकते और न ही हम एक समतामूलक समाज का निर्माण कर सकते हैं, जब तक संपत्ति मुट्ठी भर लोगों के हाथों में जमा होती रहेगी।
सीटू का दृढ़ विश्वास है कि मेहनतकश लोगों की क्रय शक्ति को मजबूत करना कोई खर्चीला बोझ नहीं है ; यह घरेलू मांग को बढ़ाने, उत्पादक निवेश को प्रोत्साहित करने और टिकाऊ आर्थिक विकास सुनिश्चित करने के लिए एक अनिवार्य शर्त है।
इसलिए हम सरकार से आग्रह करते हैं कि वह आगामी केंद्रीय बजट का उपयोग वर्तमान नीतिगत दिशा को पलटने और रोजगार सृजन, उच्च वेतन, सार्वभौमिक सामाजिक सुरक्षा, सार्वजनिक निवेश तथा प्रगतिशील कराधान को भारत की आर्थिक रणनीति के केंद्र में रखने के लिए करे।अनुवादक अखिल भारतीय किसान सभा से संबद्ध छत्तीसगढ़ किसान सभा के उपाध्यक्ष हैं।


