
नवीन तिवारी –
वाराणसी:- काशी के ऐतिहासिक और पौराणिक 84 घाटों की विरासत अब आधुनिक तकनीक के जरिए देश-दुनिया के पर्यटकों तक पहुंचेगी। देव दीपावली के अवसर पर यूपी पर्यटन विभाग ने ‘वाराणसी 84 घाट्स ऑडियोबुक-ऑडियो टूर’ की शुरुआत की। नमो घाट पर दीप प्रज्वलन के दौरान प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने इस जीपीएस आधारित डिजिटल सुविधा का शुभारंभ किया।
इस पहल के तहत पर्यटक बिना किसी गाइड के अपनी सुविधानुसार घाटों का भ्रमण कर सकेंगे और मोबाइल पर उनके इतिहास, धार्मिक मान्यताओं, सांस्कृतिक विरासत तथा पौराणिक महत्व की जानकारी सुन सकेंगे। इसकी खासियत है कि काशी के 84 घाटों की कहानियां हिंदी और अंग्रेजी सहित कुल 15 भाषाओं में उपलब्ध होंगी। इनमें मराठी, तमिल, तेलुगु, गुजराती, कन्नड़, ओड़िया, मलयालम, उर्दू, चीनी, जर्मन, स्पेनिश, जापानी और कोरियाई भाषाएं शामिल हैं।

लोकेशन पहचानकर अपने आप चलेगा ऑडियो –
ऑडियो टूर में प्रत्येक घाट के लिए अलग-अलग अध्याय तैयार किए गए हैं। पर्यटक पैदल भ्रमण या नाव से गंगा की सैर के दौरान इन कहानियों को सुन सकेंगे। जीपीएस आधारित सिस्टम पर्यटक के मोबाइल की लोकेशन पहचानकर संबंधित घाट का ऑडियो स्वतः शुरू कर देगा। निर्धारित स्थान से दूर जाने पर ऑडियो रुक सकता है और वापस पहुंचने पर दोबारा शुरू हो सकता है। पर्यटक चाहें तो एप पर अपनी पसंद का कोई भी घाट चुनकर उसकी जानकारी भी सुन सकते हैं।
ऑडियो के साथ मैप और तस्वीरों की सुविधा –
पर्यटकों को ऑडियो के साथ लिखित विवरण, तस्वीरें और इंटरैक्टिव मैप भी उपलब्ध होंगे। ऑडियो को रोकने, दोबारा शुरू करने और अगले घाट की जानकारी पर जाने का विकल्प दिया गया है। एप भ्रमण किए जा चुके घाटों का रिकॉर्ड भी रखेगा, जिससे यात्रा बीच में रोकने पर पर्यटक अगली बार वहीं से शुरुआत कर सकेंगे।
ऑफलाइन भी सुन सकेंगे काशी की कहानियां –
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए पर्यटक यात्रा से पहले ऑडियो टूर डाउनलोड कर सकते हैं। इसके बाद भ्रमण के दौरान लगातार इंटरनेट की जरूरत नहीं होगी। खास बात यह है कि इस सुविधा का उपयोग केवल वाराणसी में ही नहीं, बल्कि देश-दुनिया में कहीं से भी किया जा सकता है। यानी काशी से दूर बैठे लोग भी यहां के घाटों का इतिहास और सांस्कृतिक महत्व सुन सकेंगे।
ऐसे करें ऑडियो टूर का इस्तेमाल –
एंड्रॉयड या आईओएस मोबाइल पर यूपी टूरिज्म का आधिकारिक एप खोलकर ‘वाराणसी 84 घाट्स ऑडियोबुक-ऑडियो टूर’ विकल्प चुनना होगा। इसके बाद पसंदीदा भाषा और पैदल भ्रमण या नाव यात्रा का विकल्प चुन सकते हैं। घाट पर पहुंचकर जीपीएस आधारित अनुभव के लिए ‘स्टार्ट टूर एट लोकेशन’ और पहले से डाउनलोड करके ऑफलाइन या दूर बैठकर सुनने के लिए ‘इनेबल ऑफलाइन/रिमोट टूर’ विकल्प उपलब्ध है। यह सुविधा यूपी पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। इसके लिए अकाउंट बनाने या लॉगिन करने की अनिवार्यता नहीं रखी गई है।
यूपी पर्यटन विभाग की यह पहल काशी की सदियों पुरानी आध्यात्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक तकनीक के माध्यम से वैश्विक पर्यटकों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



