
लखनऊ:- संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ विश्वविद्यालय के विधि संकाय के नवीन परिसर, जानकीपुरम में 26 नवंबर 2026 को विशेष अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। विधिक सहायता केंद्र एवं प्रो बोनो क्लब, विधि संकाय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘संवैधानिक मूल्य एवं बदलते भारत पर परिचर्चा’ रहा। कार्यक्रम में भारतीय संविधान के मूलभूत आदर्शों, लोकतांत्रिक व्यवस्था, नागरिक अधिकारों और समकालीन भारत में संवैधानिक मूल्यों की प्रासंगिकता पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल उपस्थित रहे। इस अवसर पर लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी, विधि संकाय के प्रमुख एवं अधिष्ठाता प्रो. (डॉ.) आर.के. वर्मा, विधिक सहायता केंद्र के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) अभिषेक कुमार तिवारी तथा प्रो बोनो क्लब के संकाय प्रभारी प्रो. (डॉ.) आलोक कुमार यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का आयोजन न्यायमूर्ति डॉ. ए.एस. आनंद मूट कोर्ट हॉल में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रो बोनो क्लब की सदस्य कृतिका सिंह के स्वागत संबोधन से हुआ। उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए दीप प्रज्वलन के लिए आमंत्रित किया। इसके बाद मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। तत्पश्चात विश्वविद्यालय के कुलगीत की प्रस्तुति हुई। सम्मान समारोह में कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी ने मुख्य अतिथि डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल को सम्मानित किया। वहीं विधि संकाय के अधिष्ठाता प्रो. आर.के. वर्मा सहित अन्य अतिथियों का भी अभिनंदन किया गया।

विद्यार्थियों ने चार महत्वपूर्ण विषयों पर रखे विचार –
अतिथि व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों ने संविधान और समकालीन भारत से जुड़े चार महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
प्रथम वक्ता शांतनु ने ‘संविधान दिवस – ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, महत्व एवं संवैधानिक मूल्यों की प्रासंगिकता’ विषय पर प्रकाश डालते हुए संविधान सभा, डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान और वर्तमान समय में संवैधानिक आदर्शों की आवश्यकता पर चर्चा की।
द्वितीय वक्ता विभव वर्मा ने ‘भारतीय संविधान की प्रस्तावना – लोकतांत्रिक भारत की आधारशिला’ विषय पर अपने विचार रखते हुए न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के सिद्धांतों को लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार बताया।
तृतीय वक्ता रागिनी सिंह ने ‘मौलिक अधिकार एवं मौलिक कर्तव्य – बदलते भारत में नागरिकों की भूमिका’ विषय पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारों के साथ नागरिक कर्तव्यों के महत्व और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका को रेखांकित किया।
चतुर्थ वक्ता वैभवी ने ‘सामाजिक न्याय एवं समानता – बदलते भारत में संविधान की भूमिका एवं चुनौतियां’ विषय पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने सामाजिक एवं आर्थिक न्याय, महिलाओं तथा वंचित वर्गों के अधिकारों और समावेशी विकास की संवैधानिक अवधारणा पर प्रकाश डाला।
संविधान लोकतांत्रिक व्यवस्था, न्याय और समानता का आधार: डॉ. अग्रवाल –
मुख्य अतिथि डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने अपने संबोधन में लखनऊ विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक एवं शैक्षणिक महत्ता और शिक्षा के क्षेत्र में उसके योगदान की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विचारों की प्रशंसा करते हुए उनके वक्तव्यों के महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की और उनका उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने भारतीय संविधान को देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, न्याय, समानता और नागरिकों के अधिकारों का आधार बताते हुए इसके महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवैधानिक मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने मुख्य अतिथि, गणमान्य अतिथियों, संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान की प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का औपचारिक समापन हुआ।
इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान के मूल सिद्धांतों, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक जिम्मेदारियों को समझने तथा समकालीन सामाजिक चुनौतियों के संदर्भ में उन पर विचार करने का अवसर मिला।



