अमेरिकी टैरिफ धमकियों पर भारत का दोटूक जवाब, कहा- किसी क्षेत्र में नहीं है अतिरिक्त उत्पादन क्षमता –
अमेरिका ने भारतीय वस्तुओं पर 25 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने का दिया प्रस्ताव; व्यापार समझौता होने पर 17 प्रतिशत तक हो सकती है दर -

नई दिल्ली :- अमेरिका की ओर से भारतीय सामानों पर संभावित टैरिफ बढ़ाने की चेतावनी के बीच भारत ने स्पष्ट किया है कि देश के किसी भी विनिर्माण क्षेत्र में ‘स्ट्रक्चरल एक्सेस कैपेसिटी’ यानी संरचनात्मक अतिरिक्त उत्पादन क्षमता नहीं है। भारत ने यह भी कहा है कि व्यापार से जुड़ी चिंताओं का समाधान द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) के तहत जारी बातचीत के माध्यम से किया जाना चाहिए।
अमेरिका ने विनिर्माण क्षेत्र में कथित अतिरिक्त उत्पादन क्षमता की जांच के बाद भारतीय वस्तुओं पर 25 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा है। हालांकि, भारत और अमेरिका के बीच ऐसा व्यापार समझौता होने की स्थिति में, जो अमेरिकी चिंताओं का समाधान करे, यह दर 17 प्रतिशत तक रह सकती है।
वाणिज्य मंत्रालय ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि भारत सरकार ने अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (यूएसटीआर) की ओर से जारी ‘नोटिस ऑफ डिटरमिनेशन’ और ‘रिक्वेस्ट फॉर कमेंट्स’ पर ध्यान दिया है। ये दस्तावेज अमेरिकी व्यापार कानून के सेक्शन 301 के तहत भारत समेत 14 अर्थव्यवस्थाओं की नीतियों और प्रथाओं की जांच से संबंधित हैं। इनमें विनिर्माण क्षेत्रों में संरचनात्मक अतिरिक्त क्षमता और उत्पादन से जुड़े मुद्दे शामिल हैं।
मंत्रालय के मुताबिक, भारत ने जांच की पूरी प्रक्रिया में सकारात्मक सहयोग किया है। जांच शुरू होने के बाद और आगे की कार्यवाही के दौरान वाणिज्य विभाग ने अपना पक्ष स्पष्ट करते हुए कहा कि भारत के किसी भी क्षेत्र में संरचनात्मक अतिरिक्त उत्पादन क्षमता नहीं है। फिलहाल अमेरिकी नोटिस की समीक्षा की जा रही है।
व्यापार वार्ता से समाधान चाहता है भारत –
वाणिज्य मंत्रालय ने दोहराया कि व्यापार से जुड़ी किसी भी चिंता का समाधान भारत-अमेरिका के बीच चल रही बातचीत के दायरे में किया जाना चाहिए। सरकार ने 2 फरवरी 2026 की घोषणा और 7 फरवरी 2026 को जारी संयुक्त बयान के अनुरूप द्विपक्षीय व्यापार समझौते को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए अमेरिका के साथ काम करने की प्रतिबद्धता जताई है।
14 अर्थव्यवस्थाओं पर अमेरिकी जांच –
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर द्वारा घोषित निष्कर्षों में भारत सहित 14 अर्थव्यवस्थाओं को शामिल किया गया है। यूएसटीआर का आरोप है कि इन देशों की विनिर्माण नीतियों ने अमेरिकी व्यापार पर बोझ डाला या उसे सीमित किया है। इसी आधार पर अमेरिकी व्यापार कानून के तहत कार्रवाई की संभावना जताई गई है।
भारत के मामले में यूएसटीआर ने सभी भारतीय वस्तुओं पर 25 प्रतिशत तक शुल्क लगाने का प्रस्ताव दिया है। इसमें सेक्शन 301 के तहत पहले से लागू शुल्कों को समायोजित करने और कुछ वस्तुओं को छूट देने का प्रावधान शामिल है। इसके अलावा, सेक्शन 232 के तहत लगाए जाने वाले शुल्कों में बदलाव पर भी विचार किया जा सकता है। सेक्शन 232 राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े व्यापार प्रतिबंधों का अलग कानूनी प्रावधान है।
प्रस्तावित 17 प्रतिशत टैरिफ दर अंतिम नहीं है। यह इस बात पर निर्भर करेगी कि भारत और अमेरिका के बीच ऐसा आपसी व्यापार समझौता हो पाता है या नहीं, जो जांच में उठाई गई अमेरिकी चिंताओं का समाधान कर सके।
क्या है सेक्शन 301?
अमेरिकी व्यापार कानून का सेक्शन 301 अमेरिकी सरकार को उन विदेशी नीतियों और व्यापारिक तौर-तरीकों के खिलाफ कार्रवाई करने का अधिकार देता है, जिन्हें वह अमेरिकी व्यापार के लिए अनुचित या बोझ पैदा करने वाला मानती है। इसी प्रावधान के तहत भारत समेत 14 अर्थव्यवस्थाओं की नीतियों की जांच की गई है।



