लखनऊपूर्वांचल

संविधान रक्षा मार्च में लखनऊ पहुंचे मल्लिकार्जुन खरगे, बोले- दो विचारधाराओं के बीच है लड़ाई – 

कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा पर संविधान और वोट के अधिकार को कमजोर करने का लगाया आरोप, 2027 में यूपी से सरकार हटाने का किया आह्वान - 

 

 

 

 

लखनऊ:-  संविधान दिवस के अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी ‘संविधान रक्षा मार्च’ के तहत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे गुरुवार को लखनऊ पहुंचे। उन्होंने प्रदेशभर से जुटे हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर संविधान और नागरिकों के मतदान अधिकारों पर हमला करने का आरोप लगाया। खरगे ने आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश से भाजपा सरकार को हटाने का आह्वान भी किया।

सभा को संबोधित करते हुए मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, “आज दो विचारधाराओं के बीच जंग है, एक संविधान के भक्षक और हम संविधान के रक्षक।” उन्होंने कहा कि संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था में भागीदारी की ताकत दी है। संविधान निर्माण में उत्तर प्रदेश के योगदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने पंडित जवाहरलाल नेहरू, गोविंद बल्लभ पंत, पुरुषोत्तम दास टंडन और मौलाना आजाद सहित संविधान सभा के सदस्यों की भूमिका को याद किया।

खरगे ने डॉ. भीमराव आंबेडकर को संविधान सभा में पहुंचाने और प्रारूप समिति का अध्यक्ष बनाए जाने में कांग्रेस की भूमिका का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस संविधान की मूल भावना के विपरीत काम कर रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा संसद में डॉ. आंबेडकर को लेकर की गई टिप्पणी का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान और बाबा साहेब के सम्मान के मुद्दे पर आवाज उठाती रहेगी।

 

SIR और वोट कटने के मुद्दे पर भाजपा को घेरा –

कांग्रेस अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके माध्यम से दलितों, पिछड़ों, अति पिछड़ों और वंचित वर्गों के वोट काटने की साजिश की जा रही है। खरगे ने कहा कि वोट जनता की ताकत है, किसी सरकार की जागीर नहीं।

उन्होंने बेरोजगारी, महंगाई और अग्निवीर योजना को लेकर भी केंद्र एवं प्रदेश सरकार की आलोचना की। खरगे ने कहा कि रोजगार नौजवानों का अधिकार है, खैरात नहीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संविधान और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने की अपील की।

आराधना मिश्रा बोलीं- प्रजातंत्र और संविधान वोट की बुनियाद पर खड़े हैं  – 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा कि प्रजातंत्र और संविधान वोट की बुनियाद पर खड़े हैं और भाजपा इस बुनियाद पर हमला कर रही है। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेशभर में अपनी आवाज बुलंद करेंगे। उन्होंने दावा किया कि अन्य राज्यों में मार्च की अनुमति दी गई, जबकि उत्तर प्रदेश में प्रशासन ने अनुमति नहीं दी। इसके बावजूद पार्टी कार्यकर्ता अपने अधिकारों की लड़ाई जारी रखेंगे।

राजेंद्र पाल गौतम ने भी भाजपा सरकार पर साधा निशाना – 

कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने आरोप लगाया कि भाजपा संविधान और कांग्रेस की आवाज से डरती है। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस पर संविधान की मर्यादा और वोट के अधिकार की रक्षा के लिए मार्च को अनुमति नहीं देना सवाल खड़े करता है। गौतम ने 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने का दावा किया।

राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष का लखनऊ आकर संविधान रक्षा मार्च का नेतृत्व करना संविधान की रक्षा के संकल्प को मजबूती देता है।

कई वरिष्ठ नेता और हजारों कार्यकर्ता रहे मौजूद  – 

कार्यक्रम में पूर्व सांसद पीएल पुनिया, अजय राय, ब्रजलाल खाबरी, अजय कुमार लल्लू, केएल शर्मा, सांसद इमरान मसूद, सुप्रिया श्रीनेत, तनुज पुनिया, उज्ज्वल रमण सिंह, कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता वीरेन्द्र चौधरी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। संविधान रक्षा सभा का संचालन उत्तर प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष एवं सांसद तनुज पुनिया ने किया।

कांग्रेस नेताओं ने सभा के माध्यम से संविधान, लोकतांत्रिक अधिकारों और मतदाता सूची में पारदर्शिता के मुद्दे पर अपना राजनीतिक अभियान आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

You cannot copy content of this page