
लखनऊ :- उच्च शिक्षा संस्थानों में आधारभूत सुविधाओं के आधुनिकीकरण और शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा अभियान (पीएम-उषा) की राज्यस्तरीय समीक्षा बैठक गुरुवार को लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन स्थित मंथन हॉल में संपन्न हुई। बैठक में उत्तर प्रदेश के 10 राज्य विश्वविद्यालयों में योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति और उनके प्रभाव का मूल्यांकन किया गया।
लखनऊ विश्वविद्यालय के पीएम-उषा संयोजक प्रो. अनूप कुमार भारतीय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय, उत्तर प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग तथा प्रदेश के 10 राज्य विश्वविद्यालयों के कुलसचिवों और पीएम-उषा संयोजकों ने हिस्सा लिया। समीक्षा दल में शिक्षा मंत्रालय के सेक्शन ऑफिसर अमित सिंह, सीनियर कंसल्टेंट अनन्या पटनायक और उच्च शिक्षा विभाग के डिप्टी डायरेक्टर पीयूष चन्द्र मिश्रा शामिल रहे।

एनईपी-2020 के लक्ष्यों पर हुआ मंथन –
बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप पीएम-उषा योजना के प्रभावों का आकलन किया गया। विशेष रूप से विद्यार्थियों की रोजगार क्षमता, कौशल विकास और शिक्षा के व्यावसायीकरण को बढ़ावा देने में विकसित सुविधाओं की भूमिका पर चर्चा हुई। इसके साथ ही शिक्षकों, विद्यार्थियों और व्यापक समुदाय को आधुनिक शैक्षणिक ढांचे से मिलने वाले लाभों की भी समीक्षा की गई।
चॉक-डस्टर से ई-बोर्ड तक का सफर –
समीक्षा के दौरान पारंपरिक चॉक-डस्टर आधारित शिक्षण व्यवस्था से स्मार्ट क्लासरूम और ई-बोर्ड जैसी आधुनिक तकनीकों की ओर हुए बदलाव पर भी फीडबैक लिया गया। समिति ने यह जानने का प्रयास किया कि डिजिटल उपकरणों और आधुनिक शिक्षण सुविधाओं से कक्षाओं में पढ़ाई, शिक्षण पद्धति और अकादमिक गुणवत्ता पर क्या प्रभाव पड़ा है।
दोनों परिसरों का किया भौतिक सत्यापन –
अन्य विश्वविद्यालयों की समीक्षा के बाद केंद्रीय और राज्य अधिकारियों की टीम ने लखनऊ विश्वविद्यालय के दोनों परिसरों का निरीक्षण किया। इस दौरान पीएम-उषा के तहत कराए जा रहे नवीनीकरण, निर्माण कार्यों और प्रयोगशालाओं के उपकरणों की गुणवत्ता एवं प्रगति का भौतिक सत्यापन किया गया। विश्वविद्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, टीम ने इन कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति पर संतोष जताया।
31 मार्च 2027 तक कार्य पूरे करने के निर्देश –
बैठक में नवीनीकरण, नए निर्माण और आधुनिक प्रयोगशाला उपकरणों से जुड़े कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई। समिति ने निर्देश दिए कि राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा/RUSA) के अंतर्गत स्वीकृत सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा यानी 31 मार्च 2027 तक शत-प्रतिशत पूरे किए जाएं। साथ ही सभी संबंधित भवनों और प्रयोगशालाओं पर पीएम-उषा की स्पष्ट ब्रांडिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।
समीक्षा में यह भी रेखांकित किया गया कि आधुनिक प्रयोगशालाओं, स्मार्ट क्लासरूम और शोध सुविधाओं से विश्वविद्यालयों में शिक्षण एवं अनुसंधान की गुणवत्ता को मजबूती मिल सकती है। बैठक में राष्ट्रीय और वैश्विक रैंकिंग में सुधार के संदर्भ में भी आधारभूत ढांचे के महत्व पर चर्चा हुई।
ये 10 विश्वविद्यालय रहे शामिल –
समीक्षा बैठक में लखनऊ विश्वविद्यालय, ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, हरकोर्ट बटलर प्राविधिक विश्वविद्यालय और छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (कानपुर), चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (मेरठ), महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय (बरेली), मां शाकुम्भरी विश्वविद्यालय (सहारनपुर), गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (नोएडा), बुंदेलखंड विश्वविद्यालय (झांसी) तथा डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय (आगरा) के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक के अंत में लखनऊ विश्वविद्यालय के पीएम-उषा संयोजक प्रो. अनूप कुमार भारतीय ने शिक्षा मंत्रालय, उत्तर प्रदेश शासन और सभी विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



