लखनऊपूर्वांचल

बाबा साहब की जयंती से संविधान दिवस तक… संविधान और लोकतंत्र पर हमले का कांग्रेस ने लगाया आरोप  – 

 

 

 

लखनऊ :-  उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार और भाजपा पर संविधान, लोकतांत्रिक संस्थाओं तथा महिला आरक्षण के मुद्दे पर गंभीर आरोप लगाए। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं पूर्व मंत्री राजेन्द्र पाल गौतम और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने भाजपा पर संवैधानिक मूल्यों को कमजोर करने तथा राजनीतिक लाभ के लिए लोकतांत्रिक व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।

राजेन्द्र पाल गौतम ने कहा कि भाजपा सत्ता में आने के बाद से बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान की भावना के विपरीत काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड और अरुणाचल प्रदेश में चुनी हुई सरकारों को गिराने से लेकर गोवा, मणिपुर, कर्नाटक, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में राजनीतिक दलों को तोड़ने तथा विधायकों की खरीद-फरोख्त तक लोकतांत्रिक परंपराओं को कमजोर किया गया है।

उन्होंने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार संविधान संशोधन के जरिए राजनीतिक लाभ हासिल करना चाहती है। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि जातिगत जनगणना को दरकिनार कर ओबीसी महिलाओं को उनके अधिकारों से वंचित करने की कोशिश की जा रही है।

महिला आरक्षण पर भाजपा को घेरा –

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा कि भाजपा का इतिहास महिला आरक्षण के विरोध का रहा है। उन्होंने राजीव गांधी सरकार के समय पंचायतों और नगर निकायों में महिलाओं को आरक्षण देने के प्रयासों से लेकर 2010 के महिला आरक्षण विधेयक तक का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम का कांग्रेस ने समर्थन किया था, लेकिन इसे जनगणना और परिसीमन की शर्त से जोड़कर इसके वास्तविक क्रियान्वयन को टाल दिया गया। कांग्रेस की मांग है कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण तत्काल लागू किया जाए और इसमें एससी, एसटी तथा ओबीसी महिलाओं के लिए भी उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाए।

कांग्रेस ने उठाए परिसीमन और संसद के विशेष सत्र पर सवाल  – 

कांग्रेस नेताओं ने आगामी संसद के विशेष सत्र और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि संविधान संशोधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा और सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा संवैधानिक प्रक्रियाओं का इस्तेमाल अपने राजनीतिक हितों के लिए करना चाहती है।

प्रेसवार्ता के अंत में कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि महिला आरक्षण को तत्काल लागू किया जाए, जातिगत जनगणना कराई जाए और ओबीसी महिलाओं को भी उनका अधिकार मिले। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस संघर्ष जारी रखेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

You cannot copy content of this page