
नवीन तिवारी –
वाराणसी:- महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) की ओर से आयोजित सात दिवसीय अल्पकालिक कार्यशाला ‘पर्सनैलिटी डेवलपमेंट : एन इंटीग्रल एंड हॉलिस्टिक अप्रोच’ का शुक्रवार को समापन हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने कहा कि व्यक्तित्व विकास केवल शारीरिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें मन, बुद्धि और आत्मा का संतुलित विकास भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि मोबाइल का अनावश्यक उपयोग विद्यार्थियों को अध्ययन और निर्धारित लक्ष्य से भटका सकता है। ज्ञान और संसाधनों के साथ सही लक्ष्य, विवेक, अनुशासन और आत्मनियंत्रण भी आवश्यक हैं। असफलताओं से निराश होने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। चरित्र, संस्कार और वाणी पर नियंत्रण व्यक्तित्व निर्माण के महत्वपूर्ण आधार हैं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि काशी हिंदू विश्वविद्यालय के विधि संकाय के पूर्व प्रोफेसर प्रो. अखिलेंद्र कुमार पांडेय ने स्वामी विवेकानंद, महर्षि वाल्मीकि और महात्मा गांधी के जीवन प्रसंगों के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यक्तित्व विकास की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और नैतिक मूल्यों के जरिए व्यक्ति अपने व्यक्तित्व में सकारात्मक बदलाव ला सकता है।
वहीं नेपाल के त्रिभुवन विश्वविद्यालय के प्राध्यापक एवं साइकडेस्क फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. नरेंद्र सिंह थगुन्ना ने आत्महत्या रोकथाम विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने आत्महत्या के मनोवैज्ञानिक एवं सामाजिक कारणों, जोखिम के संकेतों और रोकथाम के उपायों पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संकट से गुजर रहे व्यक्ति की बात धैर्यपूर्वक सुनना, उसकी भावनाओं को समझना और समय पर मनोवैज्ञानिक सहायता उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है। इस दिशा में परिवार, शिक्षक और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन, भावनात्मक संतुलन, आत्म-देखभाल और सामाजिक सहयोग के महत्व पर भी चर्चा हुई। स्वागत आईक्यूएसी निदेशक प्रो. रमाकान्त सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन नैक निदेशक प्रो. हंसला जैन ने प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर कुलानुशासक प्रो. अंबरीश राय, एमओयू निदेशक प्रो. संजय, प्रो. आनंद शंकर चौधरी, प्रो. रश्मि सिंह, डॉ. विजेंद्र सिंह और डॉ. सुरेंद्र प्रताप सिंह सहित शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



